Big StoryNational

150 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 22 की मौत

जम्मू में भीषण हादसा, 69 यात्री घायल



जम्मू। जम्मू कश्मीर के जम्मू जिले में गुरुवार को श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस के सड़क से फिसलकर खाई में गिर जाने से 22 यात्रियों की मौत हो गई। हादसे में 69 अन्य घायल हो गए। इनमें 57 को जीएमसी जम्मू रेफर किया गया और 12 लोगों का इलाज अखनूर उपजिला अस्पताल में जारी है। अधिकारियों ने बताया कि जिले के चोकी चोरा क्षेत्र में तांगली मोड़ पर यह बस सड़क से फिसलकर करीब 150 फुट गहरी खाई में जा गिरी।

उन्होंने बताया कि इस हादसे में 22 लोगों की जान चली गयी जबकि 69 अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि बस हरियाणा के कुरूक्षेत्र से श्रद्धालुओं को जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में स्थित शिवखोड़ी ले जा रही थी। पहले अधिकारियों ने कहा था कि यह हादसा राजौरी जिले में हुआ। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान शुरू किया है एवं घायलों को अखनूर अस्पताल एवं जम्मू के सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल ले जाया गया। हादसे को लेकर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुख प्रकट किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि जम्मू के निकट अखनूर में हुई बस दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर सुनकर उन्हें बहुत दुख हुआ। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू के अखनूर में हुई बस दुर्घटना हृदय विदारक है। उन्होंने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

हेल्पलाइन नंबर जारी
जम्मू के अखनूर में हाथरस की बस खाई में पलटने की सूचना मिलते ही हाथरस जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिला प्रशासन तत्काल बस नंबर के आधार पर आरटीओ कार्यालय से ब्यौरा एकत्रित करना शुरू कर दिया। जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने बस गिरने की सूचना मिलते ही तत्काल हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए। आम लोगों की सहायता हेतु हेल्पलाईन नंबर 05722227041 तथा 05722227042 जारी किए गए हैं। जिनके माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

शिवखोड़ी जा रहे थे यात्री
उत्तरप्रदेश के हाथरस की यह बस हरियाणा के कुरुक्षेत्र से शिवखोड़ी धाम जा रही था। शिवखोड़ी धाम, जम्मू संभाग के रियासी जिले के पौनी में स्थित है, जो कि कटड़ा सिथ्त माता वैष्णो देवी मंदिर से मात्र 80 किलोमीटर की दूरी पर है। यह भगवान भोलेनाथ को समर्पित है।
तीखे मोड़ पर सामने से आ रही बस से बिगड़ गया संतुलन
जानकारी के अनुसार, बस का नंबर है- यूपी 86ईसी 4078 बताया गया है। यह बस अखनूर के चूंगी मोड़ में गहरी खाई में जा गिरी। इस तीखे मोड़ पर सामने से आ रही एक बस के आने से हादसे वाली बस के चालक का संतुलन बिगड़ा गया और यह दुर्घटना हो गई। बस के गिरते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचित किया गया। तुरंत में राहत और बचाव अभियान चलाया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button