Big StoryRaigarh

1120 गोगो रैपर के साथ सप्लायर गिरफ्तार, पान ठेलों में करता था गुपचुप बिक्री

ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई



रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता)। नशे के खिलाफ रायगढ़ पुलिस के विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रेलवे स्टेशन के बाहर 1120 नग गोगो रैपर के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर सेल एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार रात कार्रवाई करते हुए सिंधी कॉलोनी निवासी सुरेन्द्र कुमार छाबड़ा (38) को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी नशे के रूप में उपयोग किए जाने वाले गोगो रैपर की बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो कार्टून में रखे 20 डिब्बों से कुल 1120 नग गोगो रैपर बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि इन रैपरों में तंबाकू युक्त फ्लेवर या गांजा भरकर नशे के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह रायपुर जिले के तिल्दा क्षेत्र से करीब 14,500 रुपये में गोगो रैपर खरीदकर रायगढ़ लाया था और शहर के विभिन्न पान ठेलों में चोरी-छिपे इसकी सप्लाई करता था।

आरोपी की गतिविधियों को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने उसके खिलाफ कोटपा एक्ट के साथ प्रतिबंधात्मक धाराओं 170/123 एवं 135(क) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के कारोबार, नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे को बढ़ावा देने वाले हर माध्यम और उससे जुड़े कारोबारियों पर रायगढ़ पुलिस की कड़ी नजर है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button