Big StoryState

भिलाई की दीपिका ओमान में बनी बंधक, बोली- ये लोग मुझे दूसरी जगह बेच देंगे

वीडियो जारी कर लगाई मदद की गुहार



भिलाई(एजेंसी)। इस्पात नगरी भिलाई के खुर्सीपार क्षेत्र की 29 वर्षीय दीपिका रोजगार के लिए अरब प्रायद्वीप के पूर्व-दक्षिण में स्थित मुस्लिम देश ओमान गई है, जहां उसे बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें वह बंधक बनाए जाने की जानकारी दे रही है। दीपिका ने जारी वीडियो में कहा है कि वह भिलाई शहर की है और ओमान में फंस गई है। उसने बताया कि यहां अच्छी नौकरी का झांसा देकर झूठ बोलकर यहां लाकर फंसाया गया है। अब वह चाह कर भी यहां से वापस भारत नहीं लौट पा रही है। उससे मारपीट कर वापस जाने की एवज में दो से तीन लाख रुपये की मांग की जा रही है। उसने आशंका जताई है कि जल्द ही उसे दूसरे हाथ बेच दिया जाएगा। उसने बताया कि जिस महिला के घर वह काम कर रही है वो उसे लगातार टार्चर कर रही है।

उससे गाली गलौज मारपीट कर लगातार परेशान किया जा रहा है।
दीपिका भिलाई निगम अंतर्गत वार्ड-27 शक्ति नगर सड़क 16 खुर्सीपार निवासी है। उसके पति जोगी मुकेश ने बताया कि 30 मई 2023 से दीपिका ओमान में है। हाउस मेड की नौकरी के लिए वह केरल की एक प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से ओमान भेजी गई थी। उसे खाना बनाने का काम दिलाने के नाम पर खुर्सीपार के मुल्ला मोहम्मद इमरान खान, हैदराबाद निवासी अब्दुल, मस्कट निवासी वैजय के पड़ोसी के यहां खाना बनाने का काम दिलाने के नाम पर दुर्ग से हैदराबाद और हैदराबाद से मस्कट के लिये मई 2023 में भेजा गया। मस्कट एयरपोर्ट से दीपिका को हफीजा के घर जैनब लेकर गई। जैनब भारत के कई लोगों को काम दिलाने के नाम पर पहले भी मस्कट ले जा चुकी है। लोगों के कहने से दीपिका ने जैनब पर भरोसा किया और काम के लिए तैयार हो गई। ओमान में मुनीर और हफीजा के परिवार में दीपिका खाना बनाने का काम करती है जिसके लिए उसके इंडियन बैंक खाते में हर महीने लगभग 25 हजार रूपये भेजे जाते रहे लेकिन दिसंबर के बाद उसका पारिश्रमिक रोक कर उसे परेशान करते हुए बंधक बना लिया गया है।
वह जिस दम्पत्ति के घर काम कर रही उनके 9 बच्चे हैं, जिनके द्वारा लगातार उसे परेशान किया जा रहा है।
दीपिका ने जब काम नहीं करने और वापस भारत जाने की बात कही तो उस पर प्रतिबंध कड़ा कर दिया गया, उसे कमरे में बंद कर मारपीट की गई जिसकी जानकारी वह अपने पति मुकेश को वाट्सअप पर देती रही है। मुकेश ने जब हफीजा से फोन पर बात कर दीपिका को भेजने कहा तो उसने गालियां देते हुए तीन लाख रूपये की डिमांड करते हुए कहा कि तभी उसे इंडिया आने देगी। हफीजा के अपशब्द और तल्ख धमकियों भरी बातचीत की आडियो रिकार्डिंग भी मुकेश ने दिया है। इंटरनेट मीडिया पर भी दीपिका के वीडियो पोस्ट हुए हैं ताकि उसे सुरक्षित भारत वापस लाया जा सके।
उसके पति मुकेश ने बताया कि वह केटरिंग का काम करता है उसके लिए तीन लाख जुटा पाना संभव नहीं है। जोगी दीपिका को विदेश मंत्रालय केन्द्र सरकार से भारत वापस लाने की गुहार मुकेश ने की है। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने दीपिका का वीडियो देखने के बाद कहा कि इस संवेदनशील मामले को लेकर उन्होंने एएसपी से चर्चा कर शीघ्र पहल करने कहा है। केंद्र सरकार व विदेश मंत्रालय को पत्र भेज जल्द दीपिका को वापस लाने का प्रयास होगा। सीएसपी छावनी आशीष बंछोर ने बताया कि दीपिका से संबंधित सभी दस्तावेज जो जोगी मुकेश के पास हैं । उससे जानकारी लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के पास आज रिपोर्ट सौंप मार्गदर्शन लिया गया है। दीपिका की वापसी के हर संभव प्रयास होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button