अयोध्या दर्शन : 1344 श्रीराम भक्तों को लेकर आज रवाना होगी पहली आस्था स्पेशल ट्रेन

Spread the love

श्रीरामलला, हनुमान गढ़ी, सूर्यकुंड के करेंगे दर्शन

भिलाई। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद उनके दर्शन के लिए दुर्ग से पहली आस्था स्पेशल ट्रेन 4 फरवरी को जाएगी। 7 फरवरी को दूसरी आस्था ट्रेन रवाना होगी। इसका भी शेडयूल दुर्ग स्टेशन को मिल चुका है। दोनों की ट्रेनों में इस ट्रेन में 1344 -1344 श्रीराम भक्तों का जत्था अध्योध्या के लिए सफर करेंगे। रेलवे ने इंडियन रेलवे टूरिज्म कारपोरेशन आईआरटीसी के माध्यम से श्रद्धालुओं को अयोध्या दर्शन करवाएगी। प्रदेश सरकार श्रद्धालुओं को अयोध्या दर्शन करवाने के लिए अयोध्या दर्शन समिति बनाई है। समिति द्वारा जाने वाले श्रद्धालुओं की टिकट बुकिंग करवाई गई है।

छत्तीसगढ़ की टीम करेगी अयोध्या में इंतजाम
छत्तीसगढ़ प्रदेश से जाने वाले श्रद्धालुओं की अयोध्या में व्यवस्था के लिए प्रदेश की टीम जाएगी। इस टीम में 30 सदस्य हैं जो अयोध्या पहुंच चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में पूरी व्यवस्था चलेगी। प्रत्येक जत्थे के लिए 10-10 सदस्यों की टीम बनाई गई है। जो ट्रेन से उतरते ही श्रद्धालुओं को स्टेशन से ही भोजन, आवास, भ्रमण, मंदिर दर्शन सहित गाइड का काम करेंगे।

श्रीराम लला समेत इन स्थानों का दर्शन
श्रद्धालुओं को श्रीराम लला के दर्शन सहित अन्य मंदिरों का भी दर्शन कराया जाएगा। श्रद्धालुओं का जत्था 24 घंटे अयोध्या में रहेगा। इस दौरान श्रद्धालु सरयू नदी में स्नान करेंगे। उसके बाद श्रीराम मंदिर जाएंगे और श्रीराम लला का दर्शन करेंगे। ट्रेन से उतरने के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर भ्रमण के लिए बस की व्यवस्था रहेगी। इन बसों से श्रद्धालुओं को हनुमान गढ़ी, गुप्तारघाट, सूर्यकुंड सहित आसपास के मंदिरों में दर्शन के लिए ले जाया जाएगा। भोजन और मंदिर दर्शन के बाद बचत समय में अयोध्या के आसपास भी दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

1400 रुपए शुल्क केवल यात्रा के लिए
अयोध्या दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं से प्रति व्यक्ति 1400 रुपए शुल्क भी लिया जा रहा है। यह शुल्क केवल ट्रेन से आवाजाही के लिए है। अध्योध्या दर्शन के लिए बसें, आवास, भोजन आदि की व्यवस्था अयोध्या दर्शन टीम नि:शुल्क करेगी।जिसकी वजह से आस्था ट्रेनों में श्रद्धालुओं की बुकिंग पहले से पूरी हो चुकी है।
पंजीयन के लिए आधार कार्ड व फोटो अनिवार्य
अयोध्या दर्शन करने वालों को विश्व हिन्दू परिषद के माध्यम से पंजीयन करवाया गया है। हर श्रद्धालुओं से निर्धारित शुल्क के साथ आधार कार्ड की फोटो कापी अनिवार्य रूप से जमा करवाई गई है। पासपोर्ट साइज एक फोटो, मोबाइल नं. व घर के किसी सदस्य इमरजेंसी मोबाइल नं. देना है।

दुर्ग जिले में छह विस के श्रद्धालु
अयोध्या दर्शन के लिए प्रदेश सरकार ने अलग-अलग कोटा तय किया है। दुर्ग जिले में छह विधानसभा आते हैं। जिमसें दुर्ग, दुर्ग ग्रामीण, पाटन, अहिवारा, भिलाईनगर और वैशालीनगर शामिल हैं। विधानसभावार श्रद्धालुओं को अयोध्या दर्शन करवाने के लिए तय प्रतिनिधि समंवयक का कार्य कर रहे हैं। समंवयक के रूप में वैशालीनगर विधानसभा में प्रेमचंद देवांगन,भिलाईनगर विधानसभा में बिजेंद्र सिंह, अहिवारा विधानसभा में अनुज साहू, दुर्ग ग्रामीण विधानसभा में दिलीप साहू और पाटन विधानसभा में खेमलाल साहू को जिम्मेदारी मिली है।

तीसरा जत्था 28 फरवरी के लिए पंजीयन शुरू
अयोध्या दर्शन के लिए दुर्ग से तीसरा जत्था 28 फरवरी को भी जाएगा। 4 व 7 फरवरी की आस्था स्पेशल ट्रेन की सीटें फुल होने के बाद तीसरी आस्था स्पेशल ट्रेन की डिमांड की गई है। इस ट्रेन में भी 1344 श्रद्धालु रवाना किए जाएंगे। जिसके लिए भी पंजीयन शुरू किया जा रहा है।
इस तरह आस्था स्पेशल का शेडयूल
आस्था स्पेशल ट्रेन दुर्ग स्टेशन से 4 फरवरी को दोपहर 12.20 बजे आयोध्या के लिए रवाना होगी। 5 फरवरी की बजे यह ट्रेन सुबह 10.30बजे अयोध्या पहुंचेगी। उसके बाद अयोध्या सहित आसपास के मंदिरों का दर्शन करेंगे। 6फरवरी को दोपहर 2 बजे आस्था ट्रेन वापस दुर्ग के लिए रवाना होगी। जो 7 फरवरी को सुबह 8.30 बजे दुर्ग स्टेशन आएगी।
श्रद्धालुओं का होगा तिलक व फूलमाला से स्वागत
दुर्ग स्टेशन पर आस्था ट्रेन की रवानगी के लिए व्यापक तैयारी की जा रही है। भगवा झंडे और श्रीराम के जयकारे के साथ 4 फरवरी को श्रद्धालुओं का पहला जत्था रवाना होगा। गाजे-बाजे और फूल माला व तिलक लगाकर श्रीराम भक्तों को रवाना किया जाएगा। विश्व हिन्दू परिषद सहित भाजपा के सांसद, विधायक व जनप्रतिनिधियों द्वारा श्रद्धालुओं को बधाई देने के लिए पहुंचेगे। श्रद्धालुओं का स्वागत की भी तैयारी वृहद स्तर पर की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *