May 12, 2026

दुष्कर्म केस में जेल भेजने की धमकी देकर 40 हजार की उगाही का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

0
दुष्कर्म केस में जेल भेजने की धमकी देकर 40 हजार की उगाही का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता)। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में दुष्कर्म मामले में जेल भेजने की धमकी देकर युवक और उसके परिवार से 40 हजार रुपये की अवैध वसूली करने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी श्याम भोजवानी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 10 घरघोड़ा निवासी साहिल यादव पिता सुशील यादव (26 वर्ष) ने 9 मई 2026 को थाना घरघोड़ा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि उसका धरमजयगढ़ क्षेत्र की एक युवती से पिछले चार-पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। कुछ दिन पहले दोनों के बीच विवाद होने पर युवती 7 मई को थाना घरघोड़ा पहुंची थी, जहां साहिल यादव भी श्याम भोजवानी के साथ थाना आया था। बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और युवती ने किसी प्रकार की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई।



आरोप है कि उसी शाम करीब 6 बजे वार्ड क्रमांक 02 साईराम कॉलोनी घरघोड़ा निवासी श्याम भोजवानी पिता स्वर्गीय लक्ष्मण प्रसाद भोजवानी (56 वर्ष) साहिल यादव के मोहल्ले पहुंचा और उसके परिवार को धमकाते हुए कहा कि थाना में 50 हजार रुपये देने पड़ेंगे, नहीं तो बलात्कार के मामले में जेल भेज दिया जाएगा। बाद में आरोपी ने 40 हजार रुपये में मामला “सेट” कराने की बात कही और रकम की व्यवस्था करने का दबाव बनाया।

पीड़ित परिवार के अनुसार आरोपी लगातार मोबाइल फोन के माध्यम से साहिल यादव और उसकी मां को धमकी देते हुए जल्द पैसे देने का दबाव बना रहा था। शिकायतकर्ता ने स्पष्ट रूप से बताया कि किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी ने उससे किसी प्रकार की रकम की मांग नहीं की थी और न ही उसे दोबारा थाना बुलाया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना घरघोड़ा में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 158/2026 के तहत धारा 308(2), 308(6) और 62 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने जांच के दौरान आरोपी द्वारा मोबाइल पर पैसे मांगने से जुड़ी ऑडियो क्लिप को अहम साक्ष्य के रूप में जब्त किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 10 मई 2026 को आरोपी श्याम भोजवानी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस, कानून या किसी आपराधिक प्रकरण का भय दिखाकर पैसे की मांग करना गंभीर अपराध है। आम नागरिक ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार के बहकावे में न आएं और तत्काल पुलिस को सूचना दें। कानून का नाम लेकर अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *