National

अमित शाह के हाथ में दिखी आधुनिक CQB कार्बाइन, 300 मीटर तक है मारक क्षमता

नई दिल्ली


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की यह तस्वीर रक्षा क्षेत्र में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता की कहानी कहती है. शाह एक अत्याधुनिक राइफल को हाथ में लेकर परखते हुए नजर आ रहे हैं. यह तस्वीर पुणे स्थित भारत फोर्ज के औद्योगिक प्लांट की है, जहां गृह मंत्री ने रविवार (15 नवंबर) को दौरा किया. अमित शाह के हाथों में जो गन दिखाई दे रही है, वह पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक से बनी 5.56 x 45 mm क्लोज क्वार्टर बैटल (CQB) कार्बाइन है. इसी दौरे के दौरान अमित शाह ने उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UPSTF) के लिए इन अत्याधुनिक राइफलों की पहली खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 

क्लोज क्वार्टर बैटल (CQB) कार्बाइन को विशेष रूप से ऐसे ऑपरेशंस के लिए तैयार किया जाता है, जहां सुरक्षाबलों को बेहद कम दूरी पर, यानी तंग गलियों, इमारतों के भीतर या घने इलाकों में दुश्मन या अपराधियों से सीधा मुकाबला करना होता है. सामान्य असॉल्ट राइफलों की तुलना में इसकी नली (बैरल) छोटी होती है, जिससे इसे संकरी जगहों में तेजी से घुमाना और निशाना साधना आसान हो जाता है। 

इसका वजन महज 3.3 किलोग्राम के आसपास होता है, जिससे जवानों को लंबे ऑपरेशन के दौरान थकान नहीं होती. तस्वीर में दिख रहा इसका फोल्डेबल बट (पिछला हिस्सा) और एर्गोनोमिक डिजाइन इसे ले जाने में सुविधाजनक बनाता है। यह 5.56 x 45 mm कैलिबर की गोलियां दागती है और इसमें 30 राउंड की मैगजीन लगती है. यह सिंगल और ऑटोमैटिक दोनों मोड में काम कर सकती है और एक मिनट में 600 से अधिक राउंड फायर करने की क्षमता रखती है। 

इसकी प्रभावी मारक क्षमता 200 से 300 मीटर तक है. इसके ऊपरी हिस्से में लगी रेलिंग पर नाइट विजन डिवाइस और टेलीस्कोपिक साइट जैसे आधुनिक उपकरण भी आसानी से लगाए जा सकते हैं। इस स्वदेशी हथियार का निर्माण भारत फोर्ज के पूर्ण स्वामित्व वाली रक्षा सहायक कंपनी कल्याणी स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स लिमिटेड (KSSL) द्वारा किया गया है. यह केंद्र सरकार के 'आत्मनिर्भर भारत' और 'सशक्त भारत, सुरक्षित भारत' अभियान की दिशा में एक बड़ा कदम है. यूपी एसटीएफ जैसे विशेष बल को इस आधुनिक कार्बाइन के मिलने से संगठित अपराध और आतंकवाद विरोधी अभियानों में बढ़त मिलेगी। 

पुणे दौरे के दौरान भारत फोर्ज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक बाबा कल्याणी ने गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत किया. इस अवसर पर शाह ने कंपनी की स्थापना के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक स्मारक पट्टिका का अनावरण भी किया। शाह ने कंपनी की फोर्जिंग लाइन्स का निरीक्षण किया और KSSL द्वारा निर्मित अन्य स्वदेशी रक्षा उपकरणों- जैसे तोपखाना (आर्टिलरी गन), गोला-बारूद प्रणाली और हवा, जमीन व पानी में काम करने वाले मानव रहित (अनमैंड) सिस्टम का भी जायजा लिया। 

News Desk

वेब पोर्टल: NewsTerminal स्वामी/ओनर: Shalini Dubey ईमेल: Newsterminaldesk@gmail.com वेबसाइट: www.newsterminal.in

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button