CG News

युवा सिर्फ नौकरी तलाशें नहीं, रोजगार देने वाले बनें : CM साय

रायपुर, 29 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति प्रदेश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि नवाचार और उद्यमिता के जरिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।


मुख्यमंत्री ने रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026 में विद्यार्थियों, युवा इनोवेटर्स और स्टार्टअप उद्यमियों से संवाद किया।

स्टार्टअप और निपुण योजना के लिए ₹500 करोड़

मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण योजना पर काम किया जा रहा है। इसके लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। नई औद्योगिक नीति के तहत भी नए उद्यमियों और रोजगार सृजन करने वाले उद्योगों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव

सीएम साय के अनुसार नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद प्रदेश को करीब 8.23 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। ऊर्जा, एआई, डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, टेक्सटाइल सहित कई नए क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं बढ़ रही हैं।

कृषि और वनोपज में युवाओं के लिए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कृषि और वन संपदा में युवाओं के लिए बड़े अवसर हैं। इमली, महुआ, सीताफल और औषधीय पौधों जैसी वनोपज के प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग से नए व्यवसाय खड़े किए जा सकते हैं।

उन्होंने सुगंधित धान की किस्मों का उल्लेख करते हुए कहा कि कृषि को केवल उत्पादन तक सीमित न रखकर वैल्यू एडिशन और निर्यात से जोड़ा जाना चाहिए।

बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का अवलोकन

मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में नवनिर्मित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का भी निरीक्षण किया। यहां स्टार्टअप्स के लिए आधुनिक प्रयोगशालाएं, इन्क्यूबेशन स्पेस, तकनीकी उपकरण और अन्य सुविधाएं विकसित की गई हैं।

सीएम ने कहा कि यह केंद्र युवाओं के विचारों को रिसर्च से इनोवेशन और इनोवेशन से उद्यम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

एआई, एग्रीटेक और डीप-टेक पर फोकस

तीन दिवसीय कॉन्क्लेव में एग्रीटेक, फूड प्रोसेसिंग, बायोटेक्नोलॉजी, ग्रामीण उद्यमिता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीप-टेक, डिजिटल टेक्नोलॉजी और नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़े स्टार्टअप अपने उत्पाद और तकनीक प्रदर्शित कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नए प्रयोग करने और असफलता से न घबराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा आगे बढ़ेंगे तो छत्तीसगढ़ आगे बढ़ेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button