रायपुर में कल से शुरू होगा यूथ इनोवेशन कॉन्क्लेव, 1500 से ज्यादा युवा होंगे शामिल

रायपुर, 27 सितंबर 2026। युवाओं में नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए तीन दिवसीय “छत्तीसगढ़ यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव 2026” का शुभारंभ सोमवार 28 सितंबर को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में होगा।राज्यपाल रमेन डेका कॉन्क्लेव का शुभारंभ करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। कॉन्क्लेव में छत्तीसगढ़ सहित देशभर से 1500 से अधिक युवा शामिल होंगे। अब तक 1200 से अधिक युवाओं ने पंजीयन कराया है। इच्छुक प्रतिभागियों के लिए 28 सितंबर को स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी रहेगी।
स्टार्टअप प्रदर्शनी और पिचिंग प्रतियोगिता
कॉन्क्लेव में नवाचार एवं स्टार्टअप प्रदर्शनी, विशेषज्ञ व्याख्यान, तकनीकी सत्र, निवेशक-स्टार्टअप संवाद और मेंटरशिप कार्यक्रम होंगे। पिचिंग सत्र में शीर्ष तीन स्टार्टअप को क्रमशः 1 लाख, 75 हजार और 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
बायोटेक इन्क्यूबेशन सेंटर का होगा लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के पहले सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन भी होगा। दो एकड़ में विकसित इस केंद्र में आधुनिक प्रयोगशालाएं, टेस्टिंग सुविधाएं, तकनीक विकास इकाइयां और इनक्यूबेशन स्पेस उपलब्ध हैं।कॉन्क्लेव में एग्री-टेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीप-टेक, जैव प्रौद्योगिकी, फूड प्रोसेसिंग, ग्रामीण उद्यमिता, डिजिटल टेक्नोलॉजी, फिनटेक और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में युवाओं के नवाचार को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी।



