CSCSSports

छत्तीसगढ़ ने मध्य प्रदेश को 6 विकेट से हराया

डॉ. सी.के. नायडू मेमोरियल आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ की शानदार जीत

बेंगलुरु। कर्नाटक क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित डॉ. सी.के. नायडू मेमोरियल आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 में छत्तीसगढ़ की सीनियर टीम ने शानदार आगाज करते हुए मध्य प्रदेश को 6 विकेट से पराजित किया। दोनों टीमों के बीच मुकाबला 1 से 4 सितंबर 2026 तक बेंगलुरु, कर्नाटक में खेला गया। मध्य प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने अपनी पहली पारी में 93.4 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 290 रन बनाकर पारी घोषित की। मध्य प्रदेश की ओर से शुभम शर्मा ने 105 रन और यश दुबे ने 69 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। छत्तीसगढ़ की ओर से मयंक यादव और संदीप वारियर ने 3-3 विकेट हासिल किए।


जवाब में छत्तीसगढ़ ने पहली पारी में 109.2 ओवर में सभी 10 विकेट गंवाकर 310 रन बनाए और मध्य प्रदेश पर 20 रन की बढ़त हासिल की। छत्तीसगढ़ की ओर से अनुज तिवारी ने 83 रन तथा सानिध्य हुरकत ने 55 रन बनाए। इसके अलावा विकल्प तिवारी ने 46 रन और जयंत यादव ने नाबाद 42 रन का योगदान दिया। मध्य प्रदेश की ओर से कुमार कार्तिकेय और रवि किरण ने 3-3 विकेट लिए। मध्य प्रदेश ने दूसरी पारी में 67.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 202 रन बनाए और छत्तीसगढ़ के सामने 183 रन का लक्ष्य रखा। मध्य प्रदेश की ओर से हिमांशु मंत्री ने नाबाद 106 रन की शानदार पारी खेली, जबकि वेंकटेश अय्यर ने 29 रन बनाए। छत्तीसगढ़ की ओर से अजय मंडल और संदीप वारियर ने 3-3 विकेट झटके। 183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने दूसरी पारी में 50 ओवर में 4 विकेट खोकर 184 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। छत्तीसगढ़ की ओर से अजय मंडल ने 60 रन, सानिध्य हुरकत ने 47 रन और विकल्प तिवारी ने नाबाद 35 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिलाई। मध्य प्रदेश की ओर से कुमार कार्तिकेय ने 2 विकेट लिए। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ ने मध्य प्रदेश को 6 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में शानदार जीत के साथ शुरुआत की।

Web Reporter

वेब पोर्टल: NewsTerminal स्वामी/ओनर: Shalini Dubey ईमेल: Newsterminaldesk@gmail.com वेबसाइट: www.newsterminal.in

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button