June 9, 2026

कोतरारोड़ पुलिस की बड़ी सफलता: साढ़े तीन साल से लापता नाबालिग बालिका राजस्थान से सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार

0
कोतरारोड़ पुलिस की बड़ी सफलता: साढ़े तीन साल से लापता नाबालिग बालिका राजस्थान से सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता) । रायगढ़ पुलिस को लापता बालिका की खोजबीन में बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतरारोड़ क्षेत्र से वर्ष 2022 में लापता हुई नाबालिग बालिका को राजस्थान से सकुशल बरामद कर लिया गया है। मामले में बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने, विवाह करने और शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी श्योजी राम (29 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



पुलिस के अनुसार 8 नवंबर 2022 को बालिका की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना कोतरारोड़ में दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने बालिका के सोशल मीडिया अकाउंट और संपर्कों की गहन पड़ताल की, जिसमें राजस्थान निवासी श्योजी राम का नाम सामने आया। लगातार तकनीकी विश्लेषण और पतासाजी के आधार पर पुलिस टीम ने राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले के शिवदानपुरा गांव से 5 जून 2026 को बालिका को बरामद किया तथा 7 जून को उसे सकुशल रायगढ़ लाया गया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान करीब पांच वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से श्योजी राम से हुई थी। आरोपी ने विवाह का झांसा देकर उसे रायगढ़ से जयपुर और फिर किशनगढ़ बुलाया, जहां वह उसे अपने साथ किराए के मकान में रखकर रहने लगा। पीड़िता के अनुसार आरोपी को उसकी वास्तविक उम्र की जानकारी होने के बावजूद उसने उससे विवाह किया और शारीरिक संबंध बनाए।

जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी के विरुद्ध धारा 366, 376(2)(ढ) भादवि तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।

पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। पुलिस टीम में थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील कुमार आदित्य, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, आरक्षक बलराम साहू एवं महिला आरक्षक कामिनी राठिया शामिल रहे।

इस संबंध में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा, “लापता बच्चों और महिलाओं की सुरक्षित बरामदगी रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *