छत्तीसगढ़ के आयुष पांडे का भारत-ए टीम में चयन, श्रीलंका दौरे पर दिखाएंगे दम
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रणजी खिलाड़ी और बाएं हाथ के प्रतिभाशाली बल्लेबाज आयुष पांडे का चयन भारतीय ए टीम में हुआ है। आयुष अब 25 जून 2026 से श्रीलंका में आयोजित होने वाली चार दिवसीय मैचों की श्रृंखला में भारत ए का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन से छत्तीसगढ़ क्रिकेट जगत में खुशी की लहर है।आयुष पांडे ने पिछले रणजी ट्रॉफी सत्र में छत्तीसगढ़ की ओर से शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 7 मैचों की 13 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 57.30 की औसत से कुल 573 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 2 अर्धशतक निकले। उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी 183 रन की रही, जिसने चयनकर्ताओं का विशेष ध्यान आकर्षित किया। रणजी ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर आयुष का चयन दलीप ट्रॉफी के लिए भी किया गया था। दलीप ट्रॉफी में उन्होंने 2 मैचों की 3 पारियों में 53.92 की औसत से 102 रन बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। लगातार शानदार प्रदर्शन का ही परिणाम है कि अब उन्हें भारत ए टीम में जगह मिली है। छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए यह उपलब्धि गर्व का विषय है तथा युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक भी है।
