रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के तृतीय संस्करण में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में रायपुर राइनोज़ ने सरगुजा टाइगर्स को 9 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में खेला गया।

टॉस जीतकर रायपुर राइनोज़ ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सरगुजा टाइगर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 186 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान आशुतोष सिंह ने शानदार 65 रन की पारी खेली, जबकि आनंद राव ने नाबाद 44 रन और सानिध्य हुरकत ने 31 रन का योगदान दिया। रायपुर राइनोज़ के लिए आशीष चौहान और गौरव चतुर्वेदी ने 2-2 विकेट हासिल किए।
187 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायपुर राइनोज़ की शुरुआत बेहद मजबूत रही। सलामी बल्लेबाज अमनदीप खरे ने लगातार दूसरे मैच में शतक जड़ते हुए 62 गेंदों में 11 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 101 रन बनाए। उनके साथ अमित कुमार यादव ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 74 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। रायपुर राइनोज़ ने केवल 19.1 ओवर में 1 विकेट खोकर 189 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 9 विकेट से अपने नाम कर लिया।
अमनदीप खरे की लगातार दूसरी शतकीय पारी और अमित कुमार यादव के बेहतरीन सहयोग की बदौलत रायपुर राइनोज़ ने टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी को और मजबूत कर दिया।



