डीजीपी अरुण देव गौतम का रायगढ़ निरीक्षण : बेहतर पुलिसिंग, पारदर्शिता और जनविश्वास पर विशेष फोकस
रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता)। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने 5 अप्रैल को जशपुर से सड़क मार्ग द्वारा रायगढ़ पहुंचकर जिले की पुलिस व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की। रक्षित केंद्र स्थित ऑफिसर्स मेस में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में उन्होंने राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों के साथ कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग में नवाचार तथा जनसहभागिता बढ़ाने जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में डीजीपी श्री गौतम ने बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने पर विशेष बल देते हुए बीट प्रणाली को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुदृढ़ बीट व्यवस्था से सूचना संकलन बेहतर होता है और अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय सहायता मिलती है। उन्होंने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतकर्ताओं की समस्याएं स्वयं सुनें और त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही आमजन के साथ निरंतर संवाद बनाए रखते हुए स्थानीय विवादों का समय रहते शांतिपूर्ण समाधान करने पर भी जोर दिया। डीजीपी ने कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने और जनता के साथ विश्वास कायम करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने रायगढ़ शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। न्यायालयीन मामलों में समंस एवं वारंटों की समय पर तामिली तथा विशेषज्ञ रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया, जिससे न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आए और पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।

अपने संबोधन में अरुण देव गौतम ने स्पष्ट कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए। किसी भी प्रकरण में पक्षपात की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए और हर शिकायत पर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को अपने आचरण में ईमानदारी बनाए रखने की भी नसीहत दी। दौरे के अगले चरण में डीजीपी ने होमगार्ड रायगढ़ के फायर यूनिट का निरीक्षण किया, जहां फायर ब्रिगेड वाहनों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया गया। इस दौरान उन्होंने सेनानी होमगार्ड बिलासियुस कुजूर से उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने मयंक चतुर्वेदी (कलेक्टर रायगढ़) से चर्चा कर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के फायर ब्रिगेड वाहनों को शीघ्र वहां भेजने और आवश्यक स्टाफ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने छठवीं वाहिनी का निरीक्षण कर परिसर की साफ-सफाई एवं बुनियादी ढांचे में सुधार के निर्देश दिए। सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकारवार्ता में उन्होंने बताया कि यह दौरा सरगुजा रेंज के निरीक्षण का हिस्सा है। उन्होंने शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की तथा होमगार्ड फायर सर्विस की भी प्रशंसा की। डीजीपी ने कहा कि वर्तमान समय में पुलिसिंग का मूल मंत्र समाज के साथ विश्वास स्थापित कर अपराध नियंत्रण करना है। साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि म्यूल अकाउंट्स पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है और सीसीटीएनएस प्रणाली को उन्नत किया जा रहा है। साथ ही नव नियुक्त सब-इंस्पेक्टरों की शीघ्र पदस्थापना से पुलिस बल को और मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर शशि मोहन सिंह, मयंक चतुर्वेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, सुशांतो बनर्जी, उन्नति ठाकुर सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
