लैलूंगा पुलिस की त्वरित कार्रवाई में अपहृत बालक सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता)। थाना लैलूंगा क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर के अपहरण के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी राजेश गुप्ता (36 वर्ष), निवासी ग्राम टटकेला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी अपहृत बालक का रिश्तेदार बताया गया है। घटना 02 अप्रैल की रात की है, जब आरोपी शराब के नशे में पीड़ित के घर में घुसा और बालक को जबरन अपने साथ ले गया। बालक की मां द्वारा 03 अप्रैल को थाना लैलूंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसमें बताया गया कि आरोपी ने बच्चे को ले जाते समय धमकी दी कि उसके पिता 10,000 रुपये लेकर उसके पास आएं। विरोध करने पर उसने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी। रिपोर्ट के अनुसार, जब पीड़िता गांव वालों के साथ थाने जा रही थी, तब आरोपी ने रास्ते में उनकी गाड़ियों को ओवरटेक कर टक्कर मारने का प्रयास किया। ग्राम कुंजारा के पास उनकी वेगनआर कार को टक्कर मारने के बाद, थाना पहुंचने से पहले उनकी इको कार को भी पीछे से टक्कर मारकर आरोपी फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव और सहायक उप निरीक्षक राजेश दर्शन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने खोजबीन करते हुए अपहृत बालक को कुंजारा और सारसमाल के बीच सुरक्षित बरामद कर लिया। वहीं आरोपी को जंगल में घेराबंदी कर उसके TUV वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया गया और वाहन को भी जब्त किया गया।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत धारा 331(2), 137(2), 351(3), 281 बीएनएस तथा 184, 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा है कि अपहरण जैसे गंभीर मामलों में त्वरित और कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी तथा आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
