शराब विवाद में दोस्त की हत्या, 9 दिन बाद ‘आत्मा के डर’ से आरोपी का सरेंडर
अंबिकापुर (गौरी शंकर गुप्ता)। सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां मिथलेश कुजूर ने अपने ही दोस्त बृजलाल की मामूली विवाद में हत्या कर दी। 25 मार्च की रात शराब पीने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, क्योंकि नवरात्रि के चलते बृजलाल ने शराब पीने से इनकार कर दिया था। इसी दौरान गुस्से में आकर मिथलेश ने लाठी-डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर शव को घर के अंदर ही दफना दिया ताकि घटना छिपी रहे, लेकिन लगातार 9 दिनों तक मृतक की आत्मा के डर और अपराधबोध से परेशान होकर आखिरकार वह खुद थाने पहुंच गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जमीन खुदवाकर शव बरामद किया और आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसकी पत्नी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
