रायगढ़ में ‘ऑपरेशन ड्रोन’ का बड़ा प्रहार: कलेक्टर और एसएसपी शशि मोहन सिंह की अगुवाई में तमनार-लैलूंगा में अफीम की खेती की गई नष्ट

रायगढ़ (गौरी शंकर गुप्ता)। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन ड्रोन’ और ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत ताबड़तोड़ सर्जिकल स्ट्राइक की है। कलेक्टर और एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में सोमवार को तमनार और लैलूंगा क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर अफीम की अवैध खेती को नेस्तनाबूद कर दिया गया। इस कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है।
सबसे बड़ी सफलता तमनार विकासखंड के ग्राम आमाघाट में मिली, जहां लगभग एक एकड़ में उगाई जा रही अफीम की फसल को प्रशासनिक टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। जब्त किए गए अफीम पौधों और मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 5 लाख रुपये आंकी गई है।
इस पूरे अभियान में ‘ड्रोन’ तकनीक प्रशासन के लिए सबसे कारगर हथियार साबित हुई। आसमान से की जा रही निगरानी ने जमीन पर छिपे इस अवैध कारोबार को उजागर कर दिया। तमनार के बाद लैलूंगा विकासखंड के नवीन घटगांव में भी ड्रोन की मदद से कार्रवाई की गई, जहां किसान साध राम नाथ के खेत में उगाई जा रही अफीम की फसल को जब्त कर उसे गिरफ्तार किया गया।
इसी कड़ी में तीसरी बड़ी कार्रवाई लैलूंगा के मुड़ागांव में की गई, जहां तानसेन नागवंशी की निजी जमीन पर अफीम की खेती पकड़ी गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।
प्राथमिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि इस अवैध फसल की सप्लाई अंतरराज्यीय गिरोहों तक की जानी थी, जो भोले-भाले किसानों को लालच देकर इस धंधे में शामिल करते हैं। प्रशासन अब इस पूरे रैकेट के मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है।
जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि रायगढ़ में अवैध नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें लगातार ड्रोन सर्वे के जरिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों की निगरानी कर रही हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और जिले के हर उस खेत तक कार्रवाई पहुंचेगी, जहां कानून का उल्लंघन हो रहा है। प्रशासन की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति से अवैध खेती करने वालों में डर का माहौल है, वहीं रायगढ़ अब नशे के खिलाफ अपनी इस निर्णायक लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है।
