18 मार्च को अधिकारी-कर्मचारियों का प्रदर्शन, 10 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपेंगे ज्ञापन
घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर 18 मार्च को पूरे प्रदेश के ब्लॉक एवं जिला मुख्यालयों में भोजन अवकाश के दौरान अधिकारी-कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए शासन को ज्ञापन सौंपेंगे। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ जिला रायगढ़ के अध्यक्ष एवं घरघोड़ा फेडरेशन के संयोजक संतोष पाण्डेय ने बताया कि रायगढ़ जिले के सभी विकासखंडों में फेडरेशन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के पदाधिकारी आंदोलन में भाग लेंगे और इसे सफल बनाएंगे। उन्होंने बताया कि फेडरेशन द्वारा कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है और शासन से जल्द समाधान की अपेक्षा की जा रही है।

प्रमुख मांगें
- प्रदेश में चार स्तरीय पदोन्नत समयमान वेतनमान क्रमशः 8, 16, 24 और 32 वर्ष में दिया जाए।
- मध्यप्रदेश की भांति प्रदेश में अर्जित अवकाश नगदीकरण 300 दिवस किया जाए।
- प्रदेश के लिपिकों, शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न संवर्गों की वेतन विसंगतियों को दूर करने के लिए पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
- प्रदेश के शिक्षकों की प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना करते हुए समस्त सेवा लाभ प्रदान किए जाएं।
- सहायक शिक्षकों एवं सहायक पशु चिकित्सा अधिकारियों को भी त्रिस्तरीय समयमान वेतनमान दिया जाए।
- प्रदेश में अनुकंपा नियुक्ति निःशर्त लागू करने के लिए स्थायी आदेश जारी किया जाए तथा वर्तमान 10 प्रतिशत की सीमा समाप्त करते हुए सीधी भर्ती के सभी पदों पर अनुकंपा नियुक्ति दी जाए।
- प्रदेश के पंचायत सचिवों का शासकीयकरण किया जाए तथा नगरीय निकाय कर्मचारियों को नियमित मासिक वेतन एवं समयबद्ध पदोन्नति दी जाए।
- विभागों में कर्मचारियों की कमी को देखते हुए सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष की जाए।
- कार्यभारित, दैनिक वेतनभोगी, अनियमित एवं संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण कर नियमित पदस्थापना में नियुक्त किया जाए।
- आधार बेस्ड अटेंडेंस एवं सेवानिवृत्ति उपरांत संविदा नियुक्ति तत्काल बंद कर विभागों में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की अनुमति दी जाए।
जिले भर में होगा प्रदर्शन
फेडरेशन के जिला संयोजक आशीष रंगारी के नेतृत्व में प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ जिला रायगढ़ के पदाधिकारी जिला मुख्यालय रायगढ़ में प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान संरक्षक शेख कलीमुल्ला, कार्यकारी अध्यक्ष संजीव सेठी, एल.बी.एस. जाटवर, शैलेन्द्र शर्मा, विनोद षड़ंगी, सुखदेव सीदार, विकास तिवारी, विकास सिन्हा, अभिषेक गुप्ता, जफर उल्ला सिद्दीकी, नरेंद्र पर्वत एवं अनिल डनसेना आंदोलन में शामिल रहेंगे। पुसौर में पी.आर. भास्कर, श्रवण साहू और भागीरथी प्रधान नेतृत्व करेंगे। तमनार में रामपाल राठिया, विक्रम शर्मा, राजेश पटनायक, हितेश देवांगन और जीतेश्वर प्रधान के नेतृत्व में कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे। घरघोड़ा में आशीष शर्मा, रोहित डनसेना, सुरेंद्र भाठिया, अश्वनी दर्शन, विनोद मेहर, सर्वेश मरावी, मनोज प्रधान, विजय पंडा, हरिश्चंद्र बेहरा, सुरेंद्र होता, मोहन चौहान, तिल सागर, वरुण गुप्ता, सूरज पैंकरा, खेम सागर पैंकरा, अनिल शर्मा, संजय पंडा, दिलीप सिंह, ऋषिकेश साहू, राम कुमार पटेल, वीर सिंह, कमलेश गुप्ता, सीमा खान, सीमा महंत, संजीव पटेल, गौकर्ण वैष्णव, फागूलाल रात्रे एवं सुशील पटेल सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल होंगे। धरमजयगढ़ में अनिल गांधेल, अजीत नायक और हकीमुल्ला आंदोलन का नेतृत्व करेंगे। खरसिया में गुलाब सिंह कंवर और मानसाय यादव, जबकि लैलूंगा में पी.आर. भारद्वाज, लालसाय भगत, आशीष अग्रवाल और यशपाल भगत के नेतृत्व में कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि जिले भर के सभी नेतृत्वकर्ता और कर्मचारी आंदोलन में शामिल होकर इसे सफल बनाएंगे।
