अवैध स्क्रैप परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, मारुति फ्रोंक्स कार सहित आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़/खरसिया (गौरी शंकर गुप्ता)। जिले में अवैध कबाड़ परिवहन के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के तहत खरसिया पुलिस ने कार में स्क्रैप ले जा रहे एक आरोपी को पकड़कर लोहे का कबाड़ और वाहन जप्त किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। जानकारी के अनुसार 8 मार्च की शाम चौकी खरसिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में अवैध लोहे का स्क्रैप ले जाया जा रहा है। सूचना पर चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ठाकुरदिया से मौहापाली मालधक्का रोड पर घेराबंदी कर मारुति फ्रोंक्स कार (क्रमांक CG 13 BB 2808) को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान कार से करीब 190 किलो लोहे का स्क्रैप (कीमत लगभग 6,650 रुपये) बरामद हुआ। कार चालक ने अपना नाम राजू अग्रवाल (47 वर्ष) निवासी छपरीगंज, खरसिया बताया। स्क्रैप परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं होने पर पुलिस ने स्क्रैप और करीब 4 लाख रुपये कीमत की कार को जप्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस और 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी राजू अग्रवाल गवाहों से विवाद करने लगा और उन्हें धमकाने लगा, जिस पर पुलिस ने उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत भी कार्रवाई की। यह पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक उदय सिदार, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक साविल चंद्रा और आरक्षक डमरूधर पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध कबाड़ और स्क्रैप परिवहन पर पुलिस की कड़ी निगरानी है और ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

