gharghoda

तालाब में डूबने से महिला की मौत, गांव में शोक का माहौल

घरघोड़ा (गौरी शंकर गप्ता )। जशपुर जिले के पुलिस चौकी उपरकछार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंगीबहार रघराटोली में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां तालाब (डबरी) में डूबने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य पड़ोसी गांव में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे। इसी दौरान वृद्ध महिला रोजमर्रा की तरह घर से नहाने के लिए तालाब (डबरी) की ओर गई थी। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। तालाश के दौरान परिजन तालाब के पास पहुंचे, जहां महिला के कपड़े पड़े मिले। तालाब में झांकने पर उसका शव तैरता हुआ दिखाई दिया। कपड़ों और शव को देखकर परिजनों ने महिला की पहचान की और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस चौकी उपरकछार की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार, आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृतक महिला की उम्र लगभग 65 वर्ष बताई जा रही है। मामले की जांच जारी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भी इस हादसे को लेकर गहरी संवेदना देखी जा रही है।



Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button