Citygharghoda

लैलूंगा थाना में विजयदशमी पर शस्त्र पूजा, अपराध उन्मूलन का लिया संकल्प

घरघोड़ा/ लैलूंगा (गौरी शंकर गुप्ता)। विजयदशमी के पावन पर्व पर लैलूंगा थाना परिसर में धार्मिक उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी रोहित बंजारे के नेतृत्व में समस्त पुलिस स्टाफ ने पारंपरिक विधि-विधान से मां दुर्गा की आराधना कर शस्त्रों की पूजा-अर्चना की। इस दौरान थाना भवन को साफ-सुथरा किया गया था और पूरे परिसर में आध्यात्मिक व उत्सवी माहौल देखने को मिला।



शस्त्र पूजा के अवसर पर पंडित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी शस्त्रों का पूजन किया गया। पूजा के पश्चात शस्त्रों के सुरक्षित व उचित उपयोग की प्रार्थना की गई तथा देश और समाज की रक्षा में इनका सदुपयोग सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया। पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद वितरण कर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से क्षेत्रवासियों की शांति,समृद्धि और अपराधमुक्त समाज की मंगलकामना की। थाना प्रभारी श्री रोहित बंजारे ने कहा कि “विजयदशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इसी प्रेरणा से पुलिस विभाग समाज में व्याप्त अपराध,नशा और अन्य बुराइयों को समाप्त करने के लिए लगातार प्रयासरत है। शस्त्र पूजा केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी और कर्तव्य की याद दिलाने वाला पर्व है।

पूरे कार्यक्रम में पुलिस स्टाफ का उत्साह देखने लायक रहा। जवानों ने पारंपरिक परिधान में शामिल होकर मां दुर्गा की जयकारे लगाए। इस मौके पर थाना परिसर में स्थानीय ग्रामीण भी पहुंचे और पुलिस के साथ उत्सव की खुशियों में शामिल हुए।

लैलूंगा थाना द्वारा हर वर्ष विजयदशमी पर शस्त्र पूजा का आयोजन किया जाता है। परंपरा के इस निर्वहन से जहां पुलिस विभाग की सांस्कृतिक आस्था झलकती है, वहीं समाज में एक सकारात्मक संदेश भी प्रसारित होता है कि “असत्य, अन्याय और अपराध पर सत्य, न्याय और व्यवस्था की विजय निश्चित है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button