
रायपुर। आयुष पांडे और संजीत देसाई के अर्धशतकों की मदद से छत्तीसगढ़ ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप डी के सत्र के पहले मैच के पहले दिन छह विकेट पर 277 रन बना लिए। पहले दिन का खेल समाप्त होने पर अजय मंडल (39) और शुभम अग्रवाल (27) रन बनाकर खेल रहे थे। दोनों ने सातवें विकेट की अटूट साझेदारी में 60 रन जोड़ लिए हैं। पांडे और देसाई ने तीसरे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी की। पांडे शतक की ओर बढ़ते नजर आ रहे थे लेकिन आयुष बडोनी ने उन्हें पगबाधा आउट कर दिया। पांडे ने 149 गेंद में 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 89 रन बनाए। वहीं देसाई 115 गेंद में 56 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। दिल्ली के लिये आयुष बडोनी ने दो विकेट लिए जबकि सिमरजीत सिंह, हिमांशु चौहान, रितिक शौकीन और हर्ष त्यागी को एक एक विकेट मिला।



