
बालकनी में कपड़े सुखाने के लिए लगाए गए जीआई पाइप में करंट फैलने की आशंका, मां को बचाने पहुंचे बेटे की भी गई जान
रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र के छत्तीसगढ़ नगर में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में मां और बेटे की करंट लगने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान कल्याणी यादव (54) और उनके बेटे मधुसूदन यादव (28) के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कल्याणी यादव अपनी बेटी से मिलने छत्तीसगढ़ नगर आई हुई थीं। उनकी बेटी यहां किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे कल्याणी कपड़े निकालने के लिए बालकनी में गई थीं। इसी दौरान वह कपड़े सुखाने के लिए लगाए गए लोहे के पाइप के संपर्क में आ गईं और करंट की चपेट में आ गईं।बताया जा रहा है कि बालकनी की रेलिंग और विंडो कूलर के बीच कपड़े सुखाने के लिए जीआई पाइप लगाया गया था। आशंका है कि कूलर में करंट आने के कारण विद्युत प्रवाह पाइप और आसपास के हिस्से तक पहुंच गया।मां को करंट लगा देखकर उनका बेटा मधुसूदन उन्हें बचाने के लिए तुरंत दौड़ा। उसने मां को तार या पाइप के संपर्क से हटाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वह भी बिजली की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने के बाद टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा कूलर में करंट आने या विद्युत वायरिंग में किसी तकनीकी खामी के कारण हुआ, इसकी जांच की जा रही है।



