भाजपा की महिला विधायकों और प्रदेशाध्यक्ष किरण देव का सम्मान

Spread the love

रायपुर। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशस्तरीय बैठक में नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव एवं नवनिर्वाचित महिला विधायकों का सम्मान किया गया। बैठक में लोकसभा चुनाव को लेकर महिला मोर्चा की भूमिका पर भी चर्चा की गई।
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा, प्रदेश की जनता ने भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनाकर छत्तीसगढ़ को विकास की धारा में जोड़ने के लिए और छत्तीसगढ़ को समृद्ध और विकसित बनाने के लिए भाजपा को चुना है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, भारतीय जनता पार्टी हमेशा जनता की हित के लिए कार्य करने वाली पार्टी है, जिसका जनता ने आशीर्वाद देते हुए प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाई है। हमें छत्तीसगढ़ की जनता की उम्मीदों पर हमें खरा उतरना है। राज्यसभा सांसद सरोज पांडे ने कहा, महिलाओं ने विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। महिलाओं ने घर-घर जाकर भाजपा की सरकार बनाने के लिए एक आधार प्रदेश में रखा, जिसका प्रतिसाद प्रदेश की जनता ने कमल खिलाकर दिया है।
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल ने संगठनात्मक चर्चा करते हुए कहा, हमें जिस तरह से प्रदेश में विधानसभा चुनाव में जीत मिली है, इसी तरह होने वाले लोकसभा चुनाव में भी जीत दर्ज कर प्रदेश की सभी लोकसभा की 11 सीटों पर कमल खिलाना है और केंद्र में मोदी सरकार को मजबूत बनाना है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने विधानसभा चुनाव में किए गए कार्यों एवं आगामी लोकसभा चुनाव की कार्ययोजना को लेकर चर्चा की। बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय, नवनिर्वाचित विधायक लक्ष्मी राजवाड़े, पूर्व मंत्री रमशिला साहू, कमला पाटले, विभा अवस्थी, चंपा देवी पावले, ममता साहू, शीतल नायक, किरण बघेल, कृतिका जैन, मिनी पांडे सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *