नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति के साथ खुल रहे विकास के नए द्वार: मुख्यमंत्री साय

रायपुर, 27 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम लामकन्हार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी का श्रवण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान की सराहना किए जाने पर मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनभागीदारी से किए जा रहे छत्तीसगढ़ के नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से घर-घर मुनगा का पौधा लगाने तथा इसके पोषण लाभों के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की नई तस्वीरमुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहे बस्तर और कांकेर क्षेत्र अब शांति, विश्वास और विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और शांति का वातावरण मजबूत होने से दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, रोजगार और अन्य सुविधाओं के विस्तार के अवसर बढ़े हैं।
लामकन्हार को 85 लाख के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने ग्राम लामकन्हार में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 85 लाख रुपये की घोषणा की। इसमें सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन के लिए 37 लाख, छोटे पारा में सीसी रोड के लिए 18 लाख तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला के लिए 15 लाख रुपये शामिल हैं।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत लगाया पौधा
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने एकलव्य विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अमरूद का पौधा लगाया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, विधायक विक्रम उसेंडी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



