ज्वेलर्स शॉप में डकैती की तैयारी कर रहे 5 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 6 सितंबर। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स शॉप में डकैती की योजना बना रहे पांच युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 धारदार हथियार, 4 मोबाइल फोन और 2 वाहन बरामद किए गए हैं।पुलिस को सूचना मिली थी कि कचना क्षेत्र के पास एक खेल मैदान में कुछ युवक हथियारों के साथ डकैती की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर पांचों को पकड़ लिया गया।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कचना के आसपास किसी ज्वेलर्स दुकान में डकैती करने की योजना बनाना स्वीकार किया।
तलाशी में 2 बटनदार चाकू, एक बड़ा स्टील चाकू, 2 कैंची और एक स्टील पाइप के अलावा चार मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने होंडा बाइक और टाटा एस वाहन भी जब्त किया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश धीवर (24), नितिन उर्फ सोनू बैस (24), खेमलाल सेन (27), लक्ष्मण साहू (25) और पियुष कुमार साहू (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ बीएनएस की धारा 310(4) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार, लक्ष्मण साहू और खेमलाल सेन के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं।

