
रायपुर में विश्वकर्मा जयंती पर राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन, 100 श्रमिक महिलाओं को मिली ई-रिक्शा की चाबी
रायपुर, 17 सितंबर 2026। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रमिकों के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने शहरों में आधुनिक श्रमिक सुविधा केंद्र बनाने, पंजीकृत श्रमिकों के लिए ई-बाइक सहायता योजना शुरू करने तथा असंगठित क्षेत्र के रिक्शा चालकों के लिए ई-रिक्शा सहायता राशि ₹50 हजार से बढ़ाकर ₹1 लाख करने की घोषणा की।मुख्यमंत्री ने विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं के तहत 1.43 लाख से अधिक श्रमिकों के खातों में ₹51.32 करोड़ से ज्यादा की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की।
कार्यक्रम में 100 श्रमिक महिलाओं को ई-रिक्शा की चाबी सौंपी गई। वहीं, जेईई उत्तीर्ण कर NIT सूरत में प्रवेश लेने वाली श्रमिक परिवार की बेटी मनिंदर कौर की इंजीनियरिंग की पढ़ाई का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री ने श्रमिक महिलाओं के साथ भोजन कर उनकी समस्याएं भी जानीं।इस अवसर पर श्रम एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।



