खुले नालों के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, जोन-10 कार्यालय का किया घेराव

रायपुर, 19 अगस्त 2026। महात्मा गांधी नगर, अमलीडीह में खुले नाले में बहने से 4 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा बढ़ गया है। बुधवार को सर्व समाज मोहल्ला समिति के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने नगर निगम के जोन-10 कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने अमलीडीह स्थित शिव मंदिर से जुलूस निकाला और जोन कार्यालय पहुंचकर खुले नाले-नालियों को तत्काल बंद कराने की मांग की। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई जगह नाले खुले हैं, जिससे बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब दो महीने पहले क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के लिए खुदाई की गई थी। काम पूरा होने के बाद भी कई स्थानों को व्यवस्थित तरीके से बंद नहीं किया गया। बारिश के दौरान ऐसे स्थान और भी खतरनाक हो गए हैं।मृतक बच्चे के परिवार को मुआवजे की मांगलोगों ने प्रशासन से हादसे में जान गंवाने वाले बच्चे के परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र के सभी खुले नालों और खतरनाक स्थानों को तत्काल सुरक्षित करने की मांग रखी गई।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निगम और प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए खुले नालों को बंद करना बेहद जरूरी है।



