एशियन गेम्स 2026: भारत की महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, चीन को हराकर जीता गोल्ड

44 साल बाद एशियन गेम्स में महिला हॉकी टीम बनी चैंपियन, 1-0 से दर्ज की जीत
काकामिगाहारा। भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने महिला हॉकी में एशियन गेम्स गोल्ड का 44 साल पुराना इंतजार खत्म किया।भारत के लिए मैच का एकमात्र गोल लालरेम्सियामी ने 10वें मिनट में किया। वह अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रही थीं। इसके बाद भारतीय टीम ने पूरे मुकाबले में अपने डिफेंस को मजबूत रखा।चीन को दूसरे क्वार्टर में पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए बराबरी का मौका मिला, लेकिन सविता पूनिया ने शानदार बचाव करते हुए भारत की बढ़त कायम रखी।
दूसरे हाफ में भी चीन ने कई हमले किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने लगातार उन्हें रोक दिया। कप्तान सलीमा टेटे के चोटिल होने के बावजूद टीम ने दबाव बनाए रखा और बाद में सलीमा मैदान पर लौट आईं।भारत ने आखिरी बार एशियन गेम्स में महिला हॉकी का गोल्ड 1982 में जीता था। इस खिताब के साथ भारतीय टीम ने लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए सीधे क्वालीफाई भी कर लिया है।

