Big StoryCity

मां ने काफी कुछ सिखाया, उनके बारे में जब बोलना चाहता हूं, आंखें भर आती हैं

सीएम ने भरदा में किया मां की प्रतिमा का अनावरण



बालोद । भरदा गांव में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक पार्क का उद्घाटन किया। इसे मुख्यमंत्री की माता दिवंगत बिंदेश्वरी देवी बघेल की याद में बनाया गया है। सोमवार को यहां उनकी प्रतिमा का भी अनावरण उन्होंने किया। इस दौरान वे भावुक हुए और उनकी आंखें भर आईं। उन्होंने कहा-मां ने काफी कुछ सिखाया, उनके बारे में जब भी बोलना चाहता हूं, मेरी आंख भर जाती हैं।
भाषण के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भावुक हो गए। उनकी आंखों को भरता देख पांच मिनट तक माहौल गमगीन भी रहा। मुख्यमंत्री अपनी मां को याद कर बोलते हुए चुप हो गए और मंच के पीछे पलट कर देखते रहे। कुछ देर बात उन्होंने कहा कि, मां ने काफी कुछ सिखाया है, उनके बारे में जब भी बोलना चाहता हूं तो आंखें भर आती है। मां कहती थी गरीब कल्याण के लिए काम करना है और मैं कर रहा हूं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां केंद्रीय मंत्री आते हैं, झूठ बोलकर चले जाते हैं, मैं परेशान हूं। भाजपा ने किसानों को परेशान करने का काम किया है। आदिवासियों की जमीन छीनने का काम किया है। जिस रेल लाइन का रेल मंत्री ने उद्घाटन किया। उसका मोदी जी फिर उद्घाटन कर चले गए, जिस सड़क में छह महीने से आवागमन हो रहा। उसका भी अब उद्घाटन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने रमन सिंह पर पलटवार करते हुए कहा कि वे कहते हैं हमने धान खरीदी शुरू की, जबकि धान खरीदी की शुरुआत कांग्रेस ने की थी। पहले 15 क्विंटल खरीदी होती थी। जिसे हमने 20 क्विंटल किया है। अब 20 क्विंटल के हिसाब से 140 लाख मीट्रिक धान की खरीदी होगी। मुख्यमंत्री ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि यहां पर पीएससी में हमने भर्तियां शुरू की, जिसमें जबरदस्ती धांधली बताकर लोगों को बरगलाने का काम किया जा रहा है। भाजपा सरकार में आंख फोड़वा कांड हुआ, नसबंदी कांड हुआ, चप्पल से लेकर मशीन और मोबाइल तक में कमीशनखोरी हुई।
विजय बघेल को तो भाजपा की
विचारधारा ही नहीं मालूम
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने जीवन भर भाजपा की सेवा की उनको घर बिठा दिया गया या लूप लाइन में डाल दिया गया। विजय बघेल जो कांग्रेस में थे, वे अब भाजपा का घोषणा पत्र बनाएंगे। जिनको भाजपा की विचारधारा तक नहीं मालूम है। उन्होंने आगे कहा
कि आंध्रप्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष पुरंदेश्वरी को बनाया गया वो भी पहले कांग्रेस में थी और अब प्रदेश अध्यक्ष बनी हैं। पंजाब में सुनील जाखड़ पहले कांग्रेस में थे वे अब भाजपा के अध्यक्ष हो गए। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को प्रदेश में नेताओं का अकाल हो गया है उनके पास अपना कोई नेतृत्व नहीं रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के तीन चेहरे बृजमोहन अग्रवाल, प्रेमप्रकाश पांडे और अजय चंद्राकर से कहना चाहता हूं कि, आप विधानसभा में चाहे जितना चिल्लाकर बोलेंगे लेकिन जब तक रमन सिंह को नहीं हटाएंगे, आप लोगों का भविष्य गड़बड़ रहेगा। अभी भी देख लीजिए पूरी कमेटियों में रमन सिंह की चलती है। विष्णुदेव साय, धरमलाल कौशिक को केंद्रीय कार्यकारिणी में जगह मिली। सबको पता है वे किसके साथ थे। जबकि इन दोनो को हटा दिया गया किसी को नहीं रखा गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button