Sports

IPL 2027 से पहले प्रीति जिंटा की टीम में बड़ा बदलाव, रिकी पोंटिंग के 2 करीबी हुए बाहर

नई दिल्ली
IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2027 से पहले प्रीति जिंटा की सहमालिकाना हक वाली पंजाब किंग्स (PBKS) में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. स्पिन बॉलिंग कोच साईराज बहुतुले के बाद अब फील्डिंग कोच ब्रैड हेडिन और तेज गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स ने भी फ्रेंचाइजी का साथ छोड़ दिया है. तीनों के जाने के बाद पंजाब किंग्स में एक साथ तीन अहम पद खाली हो गए हैं.


क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक ब्रैड हेडिन और जेम्स होप्स ने हाल ही में पंजाब किंग्स मैनेजमेंट को अपने फैसले की जानकारी दी. दोनों के बिग बैश लीग (BBL) में नई भूमिका से जुड़ने की संभावना है. फ्रेंचाइजी ने अब इन दोनों के साथ-साथ बहुतुले की जगह भी नए कोच की तलाश शुरू कर दी है.

पोंटिंग के खास माने जाते हैं हेडिन-होप्स
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर ब्रैड हेडिन पंजाब किंग्स के फील्डिंग कोच थे, जबकि पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जेम्स होप्स टीम के बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. होप्स और हेडिन का रिकी पोंटिंग के साथ पुराना जुड़ाव रहा है. दोनों पोटिंग की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल चुके है. होप्स तो पोंटिंग के साथ दिल्ली कैपिटल्स (DC) से पंजाब किंग्स में आए थे और पिछले कुछ समय से उनके सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा थे. वहीं, हेडिन पिछली मैनेजमेंट टीम से पंजाब किंग्स के साथ बने हुए थे. वह ट्रेवर बेलिस के कार्यकाल के दौरान भी टीम के सपोर्ट स्टाफ में शामिल थे.

इससे पहले साईराज बहुतुले ने आईपीएल 2026 सीजन खत्म होने के तुरंत बाद पंजाब किंग्स से इस्तीफा दे दिया था. वह अब भारतीय टीम के साथ स्पिन बॉलिंग कोच के तौर पर काम कर रहे हैं. बहुतुले पंजाब किंग्स में सुनील जोशी की जगह आए थे. जोशी के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में स्पिन बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी संभालने के बाद बहुतुले को फ्रेंचाइजी में शामिल किया गया था. अब बहुतुले, हेडिन और होप्स के जाने के बाद पोंटिंग को अपनी सपोर्ट टीम का ढांचा नए सिरे से तैयार करना होगा.

पंजाब किंग्स मैनेजमेंट नए उम्मीदवारों की तलाश में जुट गया है. हालांकि, अंतिम फैसला पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ही करेंगे. फ्रेंचाइजी कुछ नाम सुझा सकती है, लेकिन संभावित उम्मीदवारों से बातचीत और इंटरव्यू के बाद नियुक्ति का फैसला पोंटिंग की सहमति से होगा. माना जा रहा है कि फ्रेंचाइजी आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी से पहले तीनों खाली पदों को भरना चाहती है, ताकि अगले सीजन की तैयारियां पूरी कोचिंग टीम के साथ शुरू की जा सकें.

पंजाब किंग्स के सपोर्ट स्टाफ में यह बदलाव ऐसे समय आया है, जब आईपीएल 2027 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. नीलामी से पहले नए कोचों की नियुक्ति करना पोंटिंग के लिए अहम होगा, क्योंकि उन्हें नए स्टाफ के साथ टीम की रणनीति, खिलाड़ियों की तैयारी और अगले सीजन की योजनाओं पर काम करना है.

News Desk

वेब पोर्टल: NewsTerminal स्वामी/ओनर: Shalini Dubey ईमेल: Newsterminaldesk@gmail.com वेबसाइट: www.newsterminal.in

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Explore how to buy real estate for your property needs today