करमीटोंगरी जंगल में अज्ञात शव मिलने से सनसनी, पहचान के लिए पुलिस की अपील
रायगढ़/लैलूंगा (गौरी शंकर गुप्ता) । रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोडकेल के करमीटोंगरी जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 मार्च 2026 को ग्रामीणों द्वारा जंगल में शव देखे जाने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया गया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। जारी विवरण के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष, कद करीब 5 फीट तथा रंग गोरा बताया गया है। मृतक ने चेकदार शर्ट और काला-हरा रंग का जींस पैंट पहन रखा था। शरीर पर कोई विशेष पहचान चिन्ह नहीं मिला है। लैलूंगा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस अज्ञात शव के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल थाना लैलूंगा से संपर्क करें। इसके लिए मोबाइल नंबर 94791-93219 एवं 07762-222599 जारी किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान होते ही मामले की जांच को और तेज किया जाएगा। फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग भय के माहौल में हैं।
