gharghodaState

नारायणपुर के भवना जंगल में अतिक्रमण पर बवाल, ग्रामीणों में आक्रोश

तहसीलदार मुकडेगा से ग्रामीणों ने की लिखित शिकायत



घरघोड़ा/ लैलूंगा (गौरी शंकर गुप्ता)। तहसील मुकडेगा के अंतर्गत ग्राम नारायणपुर के भवना जंगल में इन दिनों अतिक्रमण का खेल खुलेआम चल रहा है। सरकारी भूमि जो ग्राम निस्तारी और सामुदायिक उपयोग के लिए आरक्षित है अब कुछ लोगों के कब्जे में जा रही है। जंगल क्षेत्र में झोपड़ियाँ, बाड़, खेत और कच्चे मकान तैयार हो चुके हैं, लेकिन पटवारी और वन विभाग की चुप्पी ने ग्रामीणों में गुस्सा और सवाल दोनों को जन्म दिया है। चार साल पुरानी शिकायत, अब तक कोई कार्रवाई नहीं… ग्राम के जागरूक नागरिकों ने 14 अक्टूबर 2020 को तहसीलदार मुकडेगा को लिखित शिकायत दी थी। हजारों ग्रामीण तहसील कार्यालय पहुंचे और भवना जंगल क्षेत्र में हो रहे अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में स्पष्ट उल्लेख था कि कुछ ग्रामीणों ने सेमेर भवना जंगल क्षेत्र की सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण कर लिया है। मगर चार साल बीत जाने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया जिससे स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पटवारी और वन विभाग के अधिकारी कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाव में चुप्पी साधे बैठे हैं।

गांव के एक वरिष्ठ नागरिक ने तीखे शब्दों में कहा भवना जंगल पर संकट -पर्यावरण और वन्यजीव दोनों खतरे में…. भवना जंगल लैलूंगा ब्लॉक का एक महत्वपूर्ण हरित क्षेत्र है, जहां कई दुर्लभ प्रजातियों के पेड़ और वन्यजीव पाए जाते हैं। निरंतर हो रहे अतिक्रमण से न केवल वनभूमि घट रही है, बल्कि क्षेत्र का प्राकृतिक संतुलन भी गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। वन विशेषज्ञों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भवना जंगल आने वाले वर्षों में केवल नाम मात्र का रह जाएगा।

ग्रामीणों की मांग

संयुक्त टीम बनाकर अतिक्रमण हटाया जाए, ग्रामीणों ने तहसीलदार मुकडेगा से मांग की है कि राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर मापन कराया जाए और अतिक्रमणकारियों को चिन्हित कर तत्काल हटाया जाए।
साथ ही, उन अधिकारियों पर भी विभागीय कार्यवाही की जाए जिन्होंने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की।

आंदोलन की चेतावनी
प्रशासन की चुप्पी से नारायणपुर के ग्रामीणों में आक्रोश उफान पर है। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर आने वाले सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो तहसील कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button