Big StorygharghodaState

धान खरीदी में बड़ा घोटाला उजागर, 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

छह करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक के गबन का आरोप


जशपुर / तुमला (गौरी शंकर गुप्ता)। जिले के तुमला थाना अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोनपारा के धान खरीदी उपकेन्द्र में खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। धान खरीदी में गड़बड़ी और करोड़ों रुपये के गबन को लेकर छह आरोपियों के खिलाफ थाना तुमला में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपैक्स बैंक) जिला जशपुर में पदस्थ नोडल अधिकारी राम कुमार यादव द्वारा इस संबंध में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं 318(4)-BNS, 320-BNS, 336-BNS, 338-BNS एवं 61-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

इनके खिलाफ दर्ज हुई FIR

  1. भुनेश्वर साय – प्राधिकृत अधिकारी
  2. जयप्रकाश साहू – समिति प्रबंधक
  3. शिशुपाल यादव – फड़ प्रभारी
  4. नितेन्द्र साय – कम्प्यूटर ऑपरेटर
  5. अविनाथ अवस्थी – सहायक फड़ प्रभारी
  6. चन्द्रकुमार यादव – सह सहायक फड़ प्रभारी

जांच में सामने आई गंभीर अनियमितताएं
शिकायत के अनुसार धान उपार्जन केन्द्र कोनपारा में ऑनलाइन रिकॉर्ड के मुताबिक कुल 1,61,250 क्विंटल धान की खरीदी दर्शाई गई, जबकि मिल एवं संग्रहण केन्द्र में केवल 1,40,663.12 क्विंटल धान का परिदान पाया गया। दस्तावेजों में 20,586.88 क्विंटल धान शेष बताया गया था, लेकिन संयुक्त जांच दल द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में उक्त मात्रा का धान मौके पर उपलब्ध नहीं पाया गया।

इस प्रकार केन्द्र में कुल 20,586.88 क्विंटल धान की कमी (शॉर्टेज) पाई गई। धान की कीमत 3100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से 6,38,19,328 रुपये की क्षति आंकी गई।

इसके अलावा,

  • नया बारदाना: 4,898 नग × 71.80 रुपये = 3,51,676.40 रुपये
  • पुराना बारदाना (मिलर/पीडीएस): 54,239 नग × 25 रुपये = 13,55,975 रुपये

इन सबको मिलाकर समिति को कुल 6,55,26,979.40 रुपये (छह करोड़, पचपन लाख, छब्बीस हजार नौ सौ उन्नयासी रुपये चालीस पैसे) की आर्थिक क्षति होने का अनुमान है।

प्रशासन और पुलिस की सख्ती
सहायक आयुक्त सहकारिता एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं, जिला जशपुर के निर्देश पर थाना तुमला में FIR दर्ज कराई गई है। मामले की जानकारी कलेक्टर (खाद्य शाखा), जिला विपणन अधिकारी एवं संबंधित विभागों को भी भेजी गई है।

पुलिस अब पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। माना जा रहा है कि जांच के दौरान और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।

Web Reporter

वेब पोर्टल: NewsTerminal स्वामी/ओनर: Shalini Dubey ईमेल: Newsterminaldesk@gmail.com वेबसाइट: www.newsterminal.in

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button