City

गोल्फ के बड़े मंच पर छत्तीसगढ़ की दस्तक, नवा रायपुर में जुटे 132 प्रोफेशनल खिलाड़ी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ की ट्रॉफी का अनावरण, कपिल देव भी रहे मौजूद


रायपुर, 15 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ अब क्रिकेट और अन्य खेलों के साथ प्रोफेशनल गोल्फ के क्षेत्र में भी अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और गोल्फ कोर्स पर शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) के अध्यक्ष कपिल देव की मौजूदगी भी रही।मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर ओपन आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की एक नई पहचान बन सकता है। राज्य में खेल अधोसंरचना के विस्तार के साथ विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार गोल्फ के विकास और इससे जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने में हरसंभव सहयोग करेगी।उन्होंने कहा कि बड़े खेल आयोजनों से खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलने के साथ प्रदेश के खेल पर्यटन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान को भी मजबूती मिलती है।

स्थानीय युवाओं को देश-दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों को करीब से देखने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है।

नवा रायपुर को गोल्फ डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में कदम

कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में गोल्फ की संभावनाओं की सराहना करते हुए प्रतियोगिता के आयोजन के लिए राज्य सरकार का आभार जताया। उन्होंने इच्छा जताई कि इस तरह का बड़ा गोल्फ टूर्नामेंट हर वर्ष छत्तीसगढ़ में आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि अनुकूल वातावरण और बेहतर व्यवस्थाओं के कारण भविष्य में छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन में शामिल हो सकता है।मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ के बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति से रूबरू होने का न्योता भी दिया।

उन्होंने खिलाड़ियों से समय निकालकर प्रदेश के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने की अपील की।‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ के आयोजन को छत्तीसगढ़ में प्रोफेशनल गोल्फ को बढ़ावा देने और नवा रायपुर को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Web Reporter

वेब पोर्टल: NewsTerminal स्वामी/ओनर: Shalini Dubey ईमेल: Newsterminaldesk@gmail.com वेबसाइट: www.newsterminal.in

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button