
रायपुर, 9 सितंबर। साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।


थाना उरला क्षेत्र के ग्राम गोमची और बेंदरी में आयोजित कार्यक्रम में करीब 250 महिलाओं एवं छात्राओं ने हिस्सा लिया।अभियान के चौथे सप्ताह 6 से 12 सितंबर 2026 के तहत प्रशिक्षु उप निरीक्षक सुनीता यादव और थाना स्टाफ ने महिलाओं एवं छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम में व्यक्तिगत एवं संवेदनशील जानकारी को सुरक्षित रखने, ऑनलाइन उत्पीड़न से बचने तथा साइबर ठगी के मामलों में सतर्कता बरतने के संबंध में जागरूक किया गया।पुलिस टीम ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के साथ ही साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई।
नागरिकों को बताया गया कि ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की रकम को रोकने की कार्रवाई जल्द शुरू की जा सके।कार्यक्रम में महिला समूहों, छात्राओं और स्थानीय महिला समुदाय सहित करीब 250 लोग उपस्थित रहे। पुलिस ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे प्रभावी सुरक्षा उपाय हैं।

