gharghodaState

महिलाओं के सामने अभद्र टिप्पणी का विरोध करने पर दो भाइयों से मारपीट, लैलूंगा पुलिस ने किया मामला दर्ज

घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम गोसाईडीह में महिलाओं के सामने अभद्र भाषा के प्रयोग का विरोध करने पर दो सगे भाइयों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



जानकारी के अनुसार, मोहनपुर निवासी नारायण साहू रविवार दोपहर गांव की एक किराना दुकान पर सामान लेने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद छोटू साबर महिलाओं के सामने अशोभनीय भाषा का प्रयोग कर रहा था। नारायण साहू द्वारा आपत्ति जताने पर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

बताया गया है कि मारपीट के दौरान नारायण साहू के चेहरे, नाक और पेट पर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई तेज कुमार के साथ भी हाथापाई की गई, जिससे उन्हें भी चोटें आई हैं। दोनों घायलों का चिकित्सीय परीक्षण (एमएलसी) कराया गया है। डॉक्टरों ने कुछ चोटों के संबंध में विस्तृत जांच की सलाह दी है।

लैलूंगा पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। एफआईआर क्रमांक 0057 में छोटू साबर और अन्य साथियों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button