Big StoryCity

माता-पिता का तनावमुक्त व्यवहार ही बच्चों की सफलता की कुंजी : मुकेश शाह

वीर छत्रपति शिवाजी स्कूल में बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर अभिभावक संवाद आयोजित
रायपुर। बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों पर बढ़ते मानसिक दबाव को कम करने और अभिभावकों की भूमिका को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वीर छत्रपति शिवाजी स्कूल में विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल संचालक मुकेश शाह ने अभिभावकों को परीक्षा की तैयारी के समय बच्चों को मानसिक रूप से मजबूत बनाने के कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।मुकेश शाह ने कहा कि परीक्षा को लेकर अभिभावकों का तनाव बच्चों में भी स्थानांतरित हो जाता है, जिससे उनका आत्मविश्वास कमजोर पड़ता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे स्वयं तनावमुक्त रहें और बच्चों को खुद पर विश्वास करना सिखाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक परीक्षा का परिणाम जीवन की सफलता या असफलता का पैमाना नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि बच्चों को उनकी पिछली असफलताओं या कम अंकों की याद दिलाकर नकारात्मक माहौल न बनाएं। “तुमसे नहीं होगा” जैसे वाक्य बच्चों के मनोबल को तोड़ते हैं, जबकि सकारात्मक शब्द और प्रोत्साहन उन्हें आगे बढ़ने की शक्ति देते हैं। अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को यह विश्वास दिलाएं कि उनका प्यार किसी परीक्षा परिणाम पर निर्भर नहीं है। कार्यक्रम में घर के वातावरण को शांत और पढ़ाई के अनुकूल रखने, बच्चों की दिनचर्या व्यवस्थित करने, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार और मनोरंजन का भी विशेष महत्व बताया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि बच्चों में घबराहट, नींद न आना या बेचैनी जैसे लक्षण दिखाई दें तो बिना देर किए चिकित्सक या काउंसलर की सलाह लेनी चाहिए। परीक्षा के दिनों को लेकर बोलते हुए मुकेश शाह ने कहा कि परीक्षा केंद्र जाने से पहले घर का माहौल सकारात्मक रखें, हल्का भोजन दें, आवश्यक सामग्री की जांच कर लें और डराने वाली बातों से बचें। पेपर के बाद बच्चों से प्रश्नपत्र को लेकर चर्चा न करें और गलतियों पर डांटने के बजाय उन्हें आगे के पेपर की तैयारी के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में बच्चों को सबसे अधिक आवश्यकता माता-पिता के भरोसे, साथ और सकारात्मक रवैये की होती है, जो उन्हें तनावमुक्त रखकर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।



Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button