Big StoryCity

मुस्कान–2026: नन्हें बच्चों की मासूम अदाओं ने मोहा मन

आदर्श पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया वार्षिकोत्सव

रायपुर । आदर्श पब्लिक स्कूल, सुंदर नगर रायपुर में वार्षिक उत्सव ‘मुस्कान–2026’ का आयोजन बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ किया गया। सुंदर नगर स्थित स्वर्गीय मोतीराम बैस स्मृति सभागार में आयोजित इस समारोह में नर्सरी से कक्षा पाँचवीं तक के विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। केजी-वन के विद्यार्थियों ने ‘बोलो तारा रा’, ‘मस्ती भरी रात है’ एवं ‘कुड़िया शहर दियाँ’ जैसे मिक्स गीतों पर आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं केजी-टू के बच्चों ने ‘मैं तो रास्ते से जा रहा था’ एवं ‘यूपी वाला ठुमका’ गीतों पर अपनी धमाकेदार प्रस्तुति से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। नर्सरी के नन्हे बच्चों की मासूम अदाओं ने दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं।


कार्यक्रम की प्रमुख झलकियां

कक्षा तीन के विद्यार्थियों की ‘आमी जो तोमार’ गीत पर प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। ‘आयी गिरी नंदिनी’ एकल नृत्य तथा ‘ये गलियां ये चौबारा’ गीत पर समूह नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा एक एवं दो के बच्चों ने ‘धड़क धड़क धुआं उड़ाए’ गीत पर शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को समर्पित देशभक्ति गीत ‘कोई कहे कहता रहे’ सहित छत्तीसगढ़ी, मारवाड़ी एवं राजस्थानी लोकगीतों पर प्रस्तुतियों को खूब सराहना मिली। ‘तू जो मिला तो’ गीत पर भावपूर्ण प्रस्तुति ने सभी को भावविभोर कर दिया। केजी-वन के बच्चों ने 80 के दशक के सुपरहिट गीतों पर प्रस्तुति दी, वहीं नर्सरी के बच्चों के रैंप वॉक ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम के दौरान पालकों के लिए भी विभिन्न रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती प्रीति शर्मा ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आदर्श पब्लिक स्कूल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में प्रेरणादायक हैं। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती नैना बोधनकर ने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयास को दिया। उन्होंने बताया कि यह विद्यालय का नौवां वार्षिकोत्सव है, जो प्रतिवर्ष बच्चों में आत्मविश्वास और रचनात्मकता का संचार करता है। कार्यक्रम का समापन दर्शकों की उत्साहपूर्ण तालियों एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। मुस्कान–2026 बच्चों के साथ-साथ उपस्थित सभी दर्शकों के लिए एक यादगार आयोजन बन गया। इस अवसर पर सुंदर नगर की पार्षद श्रीमती सरिता आकाश दुबे, श्री संदीप शुक्ला, श्रीमती प्रीति शर्मा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

Web Reporter

वेब पोर्टल: NewsTerminal स्वामी/ओनर: Shalini Dubey ईमेल: Newsterminaldesk@gmail.com वेबसाइट: www.newsterminal.in

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button