Citygharghoda

जश्न ए ईद मिलादुन्नबी पर निकला भव्य जुलूस, जगह-जगह हुआ स्वागत, दिखा भाईचारे का नजारा

घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। शुक्रवार को घरघोड़ा में पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब के जन्मदिन के पावन अवसर पर ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का भव्य पर्व मनाया गया। इस धार्मिक उत्सव में नगर के सभी वर्गों के लोग वरिष्ठ, युवा, महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने मिलकर श्रद्धा, उमंग और भाईचारे का अद्भुत प्रदर्शन किया। यह पर्व इस्लामी चंद्र कैलेंडर के तीसरे महीने रबी-अल-अव्वल की 12वीं तारीख को आता है और पूरे नगर में सामाजिक सद्भाव, भाईचारा और अमन का संदेश फैलाता है।



नगर की मस्जिद, कब्रिस्तान, ईदगाह,गलियों और मुख्य बाजारों को रंग-बिरंगी रोशनी, झांकियों और बैनरों से भव्य रूप में सजाया गया । इस वर्ष सभी ने उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने योगदान से कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ कार्यक्रम स्थल पर उमड़ी, जिसने पैगंबर साहब के जीवन, उनके विचारों और मानवता, भाईचारे तथा सामाजिक सद्भाव के संदेशों के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा प्रदर्शित की। विशेष जुलूस-ए-मोहम्मदी का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। पूरे रास्ते भर तकरीरें आयोजित की गईं, जिनमें पैगंबर साहब की सीरत और उनके संदेशों को उजागर किया गया। नगर के विभिन्न स्थानों पर पारंपरिक पकवान तैयार कर उनका वितरण किया गया। घरघोड़ा में मुस्लिम जमात घरघोड़ा की अगुवाई में आज शुक्रवार को ऐतिहासिक जुलूस निकाला गया। यह जुलूस मस्जिद से निकल कर हनुमान चौक, जय स्तंभ चौक , अंबेडकर चौक से दुर्गा मंदिर चौक, कारगिल चौक से ईदगाह रेस्ट हाउस के सामने समाप्त हुआ । इस जुलूस में हजारों लोग शामिल हुए, जिसमें पुरुष, युवा , बच्चे, दुपहिया पर सवार बच्चे मुख्य आकर्षण रहे। जगह जगह हुआ स्वागत जिसमें समुदाय के लोगो ने अपने प्रतिष्ठान घर के सामने वही नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी वही अन्य समुदाय के अन्य लोगो में जगह जगह पेयजल, मिष्ठान खिलाते हुए फुलो की बौछार कर स्वागत किया जिसमे एकता भाईचारे का संदेश भी नगर में दिया गया। पुलिस प्रशासन जगह जगह और पूरे रैली के दौरान ट्रेफिक सुरक्षा में मुस्तैद रही इनके साथ कमेटी के लोगो ने भी भरपूर सहयोग दिया। छोटे बच्चो, मौलानाओं को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इमाम ने देश की एकता, अखंडता, भाईचारा और खुशहाली के लिए दुआ की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button