June 11, 2026

रेणुका सिंह ने सोनिया गांधी नहीं, सनातन परंपरा का अपमान किया : दीपक बैज

0
रेणुका सिंह ने सोनिया गांधी नहीं, सनातन परंपरा का अपमान किया : दीपक बैज

रायपुर। केन्द्रीय मंत्री और भाजपा प्रत्याशी रेणुका सिंह द्वारा कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के बारे में की गई टिप्पणी का प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कड़ा विरोध करते हुये कहा, रेणुका सिंह का बयान बेहद ही आपत्तिजनक और अस्वीकार्य है। उन्होंने सिर्फ सोनिया गांधी नहीं, भारत की समस्त नारी शक्ति और सनातन धर्म तथा हिन्दू संस्कृति का अपमान किया है। सनातन परंपरा में भारतीय संस्कृति में विवाहिता स्त्री का विवाह के बाद ही उसका ससुराल ही उसका मूल घर हो जाता है। उन्होंने भारत को ही अपनी मातृभूमि माना, अपने पति की शहादत के बाद भी उन्होंने विवाहिता के धर्म का निर्वहन किया।
उन्होंने कहा, कांग्रेस की नेता और सांसद के रूप में सोनिया गांधी ने भारत के आम आदमी को सशक्त बनाने के लिये अपना जीवन समर्पित कर दिया। यूपीए की चेयरमैन के रूप में देश के लोगों को सूचना का अधिकार, रोजगार का अधिकार, साथ ही भोजन का अधिकार, शिक्षा का अधिकार जैसे कदम उनके निर्देशन में कांग्रेस की सरकार ने उठाकर आम आदमी को मजबूत बनाया। उन्होंने प्रधानमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद को ठुकरा कर यह साबित किया, उनके लिये पद महत्वपूर्ण नहीं है। भाजपा की नेता रेणुका सिंह ने अपने बयान से भाजपा के नारी विरोधी मूल चरित्र को भी उजागर किया, जो दंभ तो भारतीय संस्कृति की भरते हैं। भारतीय परंपराओं भारत की मान्यताओं के खिलाफ बयान देते हैं। अपने बयान के लिये न सिर्फ देश की जनता, बल्कि सोनिया गांधी और देश की महिलाओं से माफी मांगें।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *