
मौदहापारा पुलिस ने शराब और नकदी समेत ₹3,450 का माल किया बरामद, गार्ड की भूमिका की भी जांच
रायपुर, 5 सितंबर 2026। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शासन द्वारा घोषित शुष्क दिवस के दौरान शराब बिक्री एवं परोसने पर प्रतिबंध के बावजूद प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे शराब निकालकर बाहर बेचने का मामला सामने आया है। थाना मौदहापारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बार संचालक को शराब बेचते पकड़ा।पुलिस के मुताबिक 4 सितंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे गली नंबर-1, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से शराब निकालकर अवैध रूप से बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना और पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मौके पर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान बार संचालक पलाश मल्होत्रा (26), निवासी आदर्श स्कूल के पीछे, थाना देवेंद्र नगर, रायपुर को शराब बिक्री करते पकड़ा गया। उसके कब्जे से 750 एमएल की एक बोतल सिमरन ऑफ मिन्टी जामुन अंग्रेजी शराब, जिसकी कीमत ₹1,150 बताई गई है, तथा बिक्री की ₹2,300 नकदी बरामद की गई। कुल बरामद माल की कीमत ₹3,450 है।शुष्क दिवस के दौरान शराब बिक्री पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ धारा 223 बीएनएस एवं धारा 34(1)(ब) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। वहीं बार के सुरक्षा गार्ड की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उसके विरुद्ध पृथक से धारा 170 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
लाइसेंस निलंबन/निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावितपुलिस के अनुसार प्लैटिनम बार द्वारा शुष्क दिवस के आदेश एवं आबकारी लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन किए जाने के संबंध में आबकारी विभाग को पृथक प्रतिवेदन भेजा जा रहा है। बार के लाइसेंस के निलंबन अथवा निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
