
रायपुर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देशानुसार तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जिला स्वीप नोडल अधिकारी श्री कुमार विश्व रंजन के मार्गदर्शन में आज शासकीय नागार्जुन विज्ञान महाविद्यालय, रायपुर में जिले के सभी महाविद्यालयों के मतदाता साक्षरता क्लब (ELC) के नोडल अधिकारियों एवं कैंपस एंबेसडर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।प्रशिक्षण का संचालन डॉ. कामिनी बावनकर, सहायक स्वीप नोडल अधिकारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर शासकीय नागार्जुन विज्ञान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमिताभ बनर्जी एवं डॉ. रवि बंजारे विशेष रूप से उपस्थित रहे।प्रशिक्षण में मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से वर्षभर आयोजित की जाने वाली मतदाता जागरूकता गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को *ECINET one stop digital platform* और मोबाइल एप की उपयोगिता एवं निर्वाचन संबंधी विभिन्न सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने हेतु निर्धारित *चार अर्हता तिथियों—01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर*—के बारे में विस्तार से बताया गया।इस अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका, दायित्वों एवं निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी साझा की गई। प्रशिक्षण में नोडल अधिकारियों एवं कैंपस एंबेसडर्स को बताया गया कि वे अपने-अपने महाविद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों तक निर्वाचन संबंधी सही एवं प्रामाणिक जानकारी पहुँचाएँ तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, मतदान के प्रति जागरूक करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करें।



