April 26, 2026

एशियाई खेलों में भारत की अगुवाई करेंगे शरत, मनिका

0
00

नई दिल्ली। शरत कमल और मनिका बत्रा सितंबर-अक्टूबर में होने वाले हांगझोउ एशियाई खेलों में भारत की 10 सदस्यीय टेबल टेनिस टीम की अगुआई करेंगे जिसमें उनका लक्ष्य पिछले चरण के ऐतिहासिक प्रदर्शन की बराबरी करने का होगा। जकार्ता में पांच साल पहले पिछले एशियाई खेलों में भारतीय दल का टेबल टेनिस स्पर्धा में पदक जीतने का 60 साल का इंतजार खत्म हुआ था। टीम ने पुरुष और मिश्रित युगल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर उम्मीदों से बेहतर प्रदर्शन किया था।
भारतीय टेबल टेनिस महासंघ की सीनियर चयन समिति ने कोरिया के पेयोंगचांग में आगामी 26वीं एशियाई चैंपियनशिप और चीन के हांगझोउ में 19वें एशियाई खेलों के लिए 10 सदस्यीय टीम की घोषणा की जिसमें पांच पुरुष और पांच महिला खिलाड़ी शामिल हैं। कोरिया में एशियाई चैंपियनशिप तीन से 10 सितंबर तक खेली जाएगी जबकि एशियाई खेल 24 सितंबर से दो अक्टूबर तक आयोजित होंगे। शरत का यह अंतिम एशियाड होने की संभावना है, वह जी साथियान, हरमीत देसाई, मानव ठक्कर और मानुष शाह के दल की अगुआई करेंगे। वहीं मनिका युवा महिला टीम की जिम्मेदारी संभालेंगी जिसमें श्रीजा अकुला, सुतिर्था मुखर्जी, अयहिका मुखर्जी और दिया चिताले शामिल हैं। एशियाई खेलों में प्रत्येक लिंग के लिए दो एकल प्रविष्टियों को ही अनुमति मिलती है जिससे चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों की ख्याति, अनुभव और विश्व रैंकिंग अंक को देखते हुए पुरुष एकल में शरत, साथियान और महिला एकल में मनिका और श्रीजा को शामिल किया है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *