March 13, 2026

रायगढ़ में दो हाथी शावकों की मौत पर युवा कांग्रेस का विरोध, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; दो आरोपी गिरफ्तार

0
01
Spread the love

घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में कुरकुट नदी के पास दो हाथी शावकों की करंट लगने से हुई दर्दनाक मौत के बाद भारतीय युवा कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। जिला अध्यक्ष उस्मान बेग के नेतृत्व में युवा कांग्रेसियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि खेत की सिंचाई के लिए नदी में लगाए गए मोटर से पानी में करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से दोनों शावकों की मौत हो गई। वन विभाग ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है। ज्ञापन में हाथियों की मौत की निष्पक्ष जांच, जिले में पूर्व की घटनाओं की समग्र जांच तथा हाथी प्रभावित क्षेत्रों में अवैध करंट और फेंसिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की गई है। उस्मान बेग ने कहा कि जिले में तेजी से जंगलों की कटाई, उद्योग और खदानों के विस्तार के कारण हाथी अपने प्राकृतिक मार्ग छोड़कर गांवों की ओर आ रहे हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि वन्यजीव संरक्षण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो युवा कांग्रेस व्यापक आंदोलन करेगी। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने भी इस मुद्दे को उठाने की पहल का समर्थन करते हुए वन्यजीव संरक्षण के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *