शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, उपमुख्यमंत्री शर्मा नहीं मनाएंगे अपना जन्मदिन

Spread the love

रायपुर। बस्तर के बीजापुर जिले के तर्रेम क्षेत्र में एक दुखद घटना में माओवादियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में एसटीएफ के 2 जवान भरत साहू व सतेर सिंह शहीद हो गए और 4 जवान घायल हो गए। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा इस दर्दनाक घटना से आहत हैं। उन्होंने 19 जुलाई को अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया है। उन्होंने अपने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से भी अपील की है कि आज जब उनके भाई शहीद हुए हैं, तब उनका मन आहत व व्यथित है। वे उनका जन्मदिन न मनाएं और इस कठिन समय में शहीद जवानों और उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करें।
श्री शर्मा ने कहा, शहीद जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। समाज और सरकार उनके अमर बलिदान को स्मरणित रखेगी। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि शहीद जवानों की आत्मा को शांति मिले और घायल जवान जल्द से जल्द स्वस्थ हों। उन्होंने कहा, इस दुखद व दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने हमें यह सोचने पर विवश कर दिया है कि बस्तर की सेवा के लिए हमारे जवान कितनी कठिन परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उपमुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सुरक्षा बलों की कड़ी मेहनत और समर्पण की सराहना की और उन्हें हरसंभव सहायता और साथ देने का वचन दिया। उन्होंने कहा, राज्य सरकार माओवादियों के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और तेज करेगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। शहीद जवानों के परिवारों के साथ पूरा प्रदेश खड़ा है। उनका बलिदान देश के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और समर्पण का प्रतीक है और हमें उनकी वीरता पर गर्व है।
उप मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका पहला जन्मदिन था
श्री शर्मा के उपमुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला जन्मदिन था। उनके समर्थक काफी उत्साहित थे और इसके लिए जोर-शोर से तैयारियां भी की जा रही थीं। कवर्धा सहित पूरे राज्य के विभिन्न स्थानों में जन्मदिन मनाने की तैयारियां चल रही थीं, उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा के अपना जन्मदिन नहीं मनाने के निर्णय के बाद तैयारियों को अचानक रोक दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *