कुरमापाली पेट्रोल पंप पर गुंडागर्दी: पेट्रोलकर्मियों से मारपीट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
गैर-जमानतीय धाराओं में भेजे गए जेल


घरघोड़ा(गौरी शंकर गुप्ता) । कोतरारोड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरमापाली पेट्रोल पंप पर पेट्रोलकर्मियों से मारपीट के मामले में रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर गैर-जमानतीय धाराओं के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों द्वारा शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर कर्मचारियों के साथ गाली-गलौच और मारपीट की गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस संबंध में खगपति पटेल (53 वर्ष), निवासी ठाकुरपाली ने थाना कोतरारोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 1 फरवरी की सुबह करीब 7 बजे वे पेट्रोल पंप पर मौजूद थे। उनके साथ रात्रि शिफ्ट कर्मचारी कमलेश पटेल और मनीष कुमार पटेल भी थे। इसी दौरान दो युवक शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। मना करने पर दोनों ने गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव के बाद आरोपी वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद दो अन्य साथियों के साथ लौटकर तीनों कर्मचारियों पर दोबारा हमला कर दिया।
मामले में थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 31/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 117(2), 119(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। घायलों को शासकीय जिला चिकित्सालय रायगढ़ भेजकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पेट्रोल पंप का सीसीटीवी फुटेज खंगालवाया, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान भानू प्रताप बघेल, कौशल बघेल, सुभाष बघेल और उत्तरा कुमार बघेल (सभी निवासी ग्राम गोर्रा) के रूप में हुई। पुलिस टीम ने दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जप्त की हैं। आरोपी भानू प्रताप बघेल से होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल (CG 13 AY 6019) तथा आरोपी सुभाष बघेल से हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (CG 13 BD 6204) बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में भानू प्रताप बघेल, कौशल बघेल और उत्तरा कुमार बघेल आदतन बदमाश प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं, जिनके विरुद्ध पूर्व में भी मारपीट के प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस द्वारा इनके विरुद्ध पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के साथ प्रधान आरक्षक करुणेश कुमार राय तथा आरक्षक टिकेश्वर यादव, संदीप कौशिक, चंद्रेश पांडे, चूड़ामणि गुप्ता एवं राजेश खांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश:
“जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव और हिंसा करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
