प्रदेश सहित देश में इस वर्ष होली पर 80 हजार करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार, बाजारों में स्वदेशी उत्पादों की भारी मांग : कैट
रायपुर। देश के प्रमुख व्यापारी संगठन CAIT ने अनुमान जताया है कि इस वर्ष होली पर प्रदेश सहित देशभर में 80 हजार करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार होगा, जो पिछले वर्ष के लगभग 60 हजार करोड़ रुपये से करीब 25% अधिक है।

राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी सहित छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, तथा राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी, शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि बाजारों में इस बार स्वदेशी उत्पादों की भारी मांग है। अमर पारवानी ने कहा कि Narendra Modi के “वोकल फॉर लोकल” आह्वान का व्यापक असर दिखाई दे रहा है। हर्बल गुलाल, प्राकृतिक रंग, पिचकारियां, पूजन सामग्री, परिधान, मिठाइयां, ड्राई फ्रूट्स, एफएमसीजी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। CAIT के अनुसार केवल छत्तीसगढ़ में 1600 से 1800 करोड़ रुपये के व्यापार की संभावना है। देशभर में होली मिलन समारोहों के कारण होटल, बैंक्वेट हॉल और सार्वजनिक स्थल लगभग बुक हैं। प्रदेश में होलिका दहन 3 मार्च तथा रंगों की होली 4 मार्च को मनाई जाएगी।
