आस्था की बयार के साथ शुरू हुआ वासंतिक नवरात्र महोत्सव, मंदिरों में गूंजे जयकारे
घरघोड़ा(गौरी शंकर गुप्ता)। शक्ति और शांति की आराधना का पावन पर्व वासंतिक नवरात्र महोत्सव नगर में आस्था की गूंज और भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धा के साथ प्रारंभ हो गया है। नवरात्र के पहले दिन से ही नगर के प्रमुख मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और माँ भगवती की पूजा-अर्चना पूरे विधि-विधान के साथ शुरू हुई। नगर के श्रद्धा एवं आस्था के केंद्र मंदिरों में “या देवी सर्वभूतेषु…” के मंत्रोच्चार के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर मां दुर्गा की आराधना की गई। भक्तों ने पूजा, हवन और अनुष्ठान के माध्यम से सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। पूरा वातावरण भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। हिंदी नववर्ष के अवसर पर भी नगरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे को नववर्ष और नवरात्र पर्व की शुभकामनाएं देते हुए नए वर्ष का स्वागत हर्षोल्लास के साथ किया। इस संबंध में विजय पंडा ने जानकारी देते हुए बताया कि वासंतिक नवरात्र महापर्व 2026 के दौरान महाष्टमी 26 मार्च (गुरुवार) एवं महानवमी 27 मार्च (शुक्रवार) को विशेष पूजा-अर्चना, हवन एवं धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न होंगे। नगर में नवरात्र के प्रारंभ के साथ ही धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला शुरू हो गई है, जो पूरे नौ दिनों तक भक्ति, आस्था और उल्लास का माहौल बनाए रखेगी।

