Big StoryNationalState

चाकू लेकर स्कूल पहुंचा 11 वर्षीय छात्र, बच्चों और शिक्षकों को धमकाया

वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
फिंगेश्वर।
ब्लॉक मुख्यालय के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम सरकड़ा के मिडिल स्कूल में एक 11 वर्षीय नाबालिग छात्र अपने स्कूल बैग में सब्जी काटने का चाकू लेकर आया और अपने साथियों को धमकाने लगा। जब कक्षा शिक्षक को इसकी जानकारी हुई और उसने चाकू न लाने की हिदायत दी, तो छात्र ने उन्हें भी धमकाया। इस घटना से स्कूली छात्रों में भय और शिक्षकों में डर का माहौल व्याप्त हो गया। हालांकि बच्चा चाकू लेकर क्यों स्कूल आया था, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।स्कूल की प्रधान पाठिका लता सोनी ने सजगता दिखाते हुए तत्काल छात्र के बैग की तलाशी ली, जिसमें से चाकू बरामद हुआ। इसकी सूचना तुरंत स्कूल प्रबंधन समिति, ग्राम सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधियों को दी गई। शिक्षकों द्वारा सबूत के तौर पर उस चाकू का फोटो-वीडियो भी लिया गया और प्रबंधन समिति को सौंपा गया। इसी बीच, इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो गया है, जिससे मामला और गरमा गया। मामले की जानकारी मिलते ही ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रामेन्द्र जोशी और फिंगेश्वर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और नाबालिग छात्र के साथ उसके पिता को समझाइश दी।



लापरवाही के कारण निर्मित हो रही ऐसी स्थितियां
यह घटना न केवल स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कम उम्र में ही बच्चों में हिंसा की प्रवृत्ति कैसे जन्म ले रही है। अक्सर बच्चे मोबाइल और टीवी देखकर ऐसी हरकतें कर बैठते हैं। यह आवश्यक है कि शिक्षा विभाग, विद्यालय प्रबंधन और अभिभावक मिलकर बच्चों की मानसिक स्थिति पर समय रहते ध्यान दें और स्कूलों में सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू किया जाए। वहीं, अभिभावकों को भी यह तय करना होगा कि उनका बच्चा घर में क्या करता है। लापरवाही के कारण भी ऐसी स्थितियां निर्मित होती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button