सर्वर ठप : एनएसयूआई ने कुलसचिव से की आवेदन तिथि बढ़ाने की मांग
रायपुर। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर में परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रारंभ कर दिए गए हैं। परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया के दौरान लगातार सर्वर समस्या उत्पन्न होने से विद्यार्थी वर्ग में भारी असंतोष व्याप्त है। सर्वर के बार-बार डाउन रहने के कारण छात्र-छात्राएँ अपने आवेदन पत्र सही समय पर नहीं भर पा रहे हैं तथा शुल्क भुगतान में भी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए एनएसयूआई के प्रतिनिधिमंडल ने कुलसचिव से मिलकर ज्ञापन सौंपा और संगठन ने अंतिम तिथि बढ़ाने और वेबसाइट संबंधित समस्या का निराकरण करने की मांग की है।


इस अवसर पर एनएसयूआई विश्वविद्यालय इकाई के नेता रजत ठाकुर ने कहा – “लगातार सर्वर की समस्या के कारण सैकड़ों विद्यार्थी परेशान हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सर्वर की तकनीकी खामियों को दूर करे और आवेदन भरने की समय सीमा बढ़ाए। यदि ऐसा नहीं किया गया तो हम आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।” विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा के लिए एनएसयूआई प्रतिबद्ध है और हर परिस्थिति में छात्र हितों की आवाज़ बुलंद करता रहेगा। इस दौरान जिला महासचिव रजत ठाकुर, हर्ष शर्मा, अंश तिवारी, मोहित बंजारे, वेणु व अन्य उपस्थित रहे।
